Wednesday, 14 November 2007

नंदीग्राम में सत्ता और पूंजी के मुखौटे में दिखे कम्युनिस्ट !







नंदीग्राम में सरकार की प्रायोजित हिंसा और बंद के बाद पश्चिम बंगाल की वाममोर्चा सरकार की जो छवि दुनिया के सामने आई है उसने पूरे कम्युनिस्ट सिध्दांतों को सत्तालोलुपता के हाथों गिरवी रख दिया है। गरीबों, मजदूरों और किसानों के हक के लिए सत्ता को दरकिनार करके न्याय की लड़ाई लड़ने की छवि वाले क्या यही कम्युनिस्ट हैं? यह सोचकर सिहरन पैदा हो जाती है कि अब कौन लड़ेगा गरीबों की लड़ाई? दखल या विरोधियों को सबक सिखाने की खूनी जंग तो नरेंद्र मोदी भी गुजरात में खेल चुके हैं। क्या नंदीग्राम को उससे अलग करके देखा जा सकता है? शायद इसका जवाब भी पश्चिम बंगाल के कम्युनिस्ट कर्णधारों के पास हो मगर मानवता के नाते जो नंदीग्राम में हुआ उसे तो कोई भी जायज नहीं ठहरा रहा है। यह बात अलग है कि खुद वाममोर्चा सरकार के मुख्यमंत्री इस इलाका दखल को सही ठहरा रहे हैं। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य ने सत्तारूढ़ सीपीएम के नंदीग्राम पर फिर से कब्जे को न सिर्फ सही ठहराया बल्कि यह भी कहा कि विपक्षी दलों को ईंट का जवाब पत्थर से दिया गया। 11 महीनों तक अपने घरों से दूर रहने वाले हमारे समर्थक लौटने के लिए बेकरार थे। उन्होंने अपनी जान का खतरा उठाया और घर लौटे। उन्होंने अपनी सरकार की अपील के बावजूद सीआरपीएफ भेजने में देरी के लिए केंद्र को दोषी ठहराया और कहा कि यदि सीआरपीएफ समय पर पहुंच जाती तो स्थिति को टाला जा सकता था।
मुख्यमंत्री ने कोलकाता में सोमवार १२ नवंबर को राज्य सचिवालय राइटर्स में पत्रकारों से कहा कि मैंने 27 अक्टूबर को इस बारे में गृह मंत्रालय को लिखा था, लेकिन उन्होंने मुझे 5 नवंबर को बताया कि केंद्रीय बलों को गुजरात और हिमाचल प्रदेश में भेजे जाने के कारण राज्य को केंद्रीय बल मुहैया नहीं कराए जा सकते। इन दोनों राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, मैंने खुद केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल और विदेश मंत्री प्रणव मुखर्जी से बात कर उनसे केंद्रीय बल भेजने की अपील की थी। नंदीग्राम के लिए सीआरपीएफ की एक बटैलियन मंजूर की गई। वह रविवार को कोलकाता पहुंची और अगले दिन नंदीग्राम। नंदीग्राम में पुलिस की विफलता के बारे में पूछे जाने पर बुद्धदेव ने कहा कि कुछ हद तक यह उनकी विफलता थी। पुलिस नंदीग्राम में नहीं घुस सकी। अगर वे ऐसा करने में कामयाब होते तो स्थिति बेहतर होती।
आप भी कुछ हद तक मुख्यमंत्री के इन बयानों से सहमत हो सकते हैं मगर क्या वह सब कुछ सही है जो बुध्ददेव कह रहे हैं। अगर नंदीग्राम में जो हो रहा है उसके विरोध को कुछ राजनैतिक दल अपनी सियासी जिम्मेदारी नहीं मान लेते और सरकार जो कर रही है उसे मनमाने तरीके से करने देते तो शायद इतना खून-खराबा नहीं होता। इससे खून खराबा टाला जा सकता था मगर अन्याय जो हो रहा है उसे कौन रोकेगा? क्या अपनी सियासी जरूरतों के लिए किसी रक्षक को भक्षक बनने दिया जा सकता है। रक्षक ही जब भक्षक बन जाएंगे, तो जनता कहां जाएगी?
इस पूरे प्रकरण के लिए सिर्फ कम्युनिस्ट ही दोषी कैसे ठहराए जा सकते हैं। आखिर वे भी राज्य के विकास और बंगाल की जनता का भला करने में जुटे हैं। भले ही इसके लिए विरोध करने वाले उजड़ जाएं। नंदीग्राम में पिछले 8 महीने से सीपीएम बेकसूर ग्रामीणों का खून बहा रही है और राज्य व केंद्र में सत्तासीन पार्टियों ने अपने राजनीतिक फायदे के लिए इस मामले पर ध्यान देना तक गवारा नहीं समझा। आपको याद होगा कि इसी साल 14 मार्च को जब नंदीग्राम के किसान इंडोनेशिया के सलीम समूह के प्रस्तावित सेज़ के लिए जमीन अधिग्रहण किए जाने का विरोध कर रहे थे , तो पुलिस ने फायरिंग करके 15 से अधिक लोगों को मार दिया। यही वह पृष्ठभुमि है जिसके कारण नंदीग्राम में इलाका दखल का खूनी संग्राम माकपा सरकार व कैडरों ने खेला। इस घटना के बाद 8 महीने से सीपीएम अपना राजनीतिक वर्चस्व बनाए रखने के लिए घेराबंदी कर रखी थी। सरकार जब खुद ग्रामीणों को जमीने देने से मनाने में विफल रही तो अपने कॉडरों को वहां के लोगों को डराने , धमकाने और यहां तक कि जान से मारने की मौन रूप से खुली छूट दे दी। मरता क्या न करता और वहां के स्थानीय लोगों ने भी संगठित होकर सीपीएम के कॉडरों का विरोध किया , पर सरकारी की शह पर लड़ रहे ' पेशेवर गुंडों ' की फौज का मुट्ठी भर किसान व ग्रामीण भला क्या और कैसे मुकाबला करते ?
इस इलाका दखल के बारे में आरोप लगाया जा रहा है कि ' नंदीग्राम फतह ' करने के बाद सीपीएम ने अपनी रैली में भूमि उच्छेद प्रतिरोध समिति के बंधक बनाए गए 500 सदस्यों को जीत की ट्रॉफी के रूप में हाथ बांधकर पेश किया। इसके बाद भी माकपा पोलित ब्यूरो की बेशर्मी देखिए । वो कहती है कि नंदीग्राम में माओवादी और तृणमूल कांग्रेस के लोग अपनी जमीन मजबूत करने के लिए हिंसा पर उतारू हैं। जबकि अभी तक वहीं से एक भी माओवादी पकड़ा नहीं जा सका है। हो सकता है कल को कुछ गिरफ्तारियां करके उन्हें जबरन माओवादी भी करार दे दिया जाए।
कम्युनिस्टों के इस कुकृत्य को माफ नहीं किया जा सकता है तो बंगाल की विरोधी पार्टियों को भी बहुत ईमानदार नहीं माना जा सकता। पूरी तरह से हासिए पर खिसक चुकी ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस के हाथ तो जैसे बटेर लग गई है। उनकी कुछ कोशिशें तो मुद्दे को अपने सियासी हक के लिए गरमाने की है तो कुछ उन किसानों के लिए लड़ने के लिए है जिन्हें माकपा के कैड़र कुचल देना चाहते हैं। रही कांग्रेस की बात तो पश्चिम बंगाल में उसे माकपा की बी टीम कहा जाता है। केंद्र की सरकार को माकपा ही चला रही है। ऐसे में पांग्रेस के सभी बड़े नेता चुप्पी साधे रहे और बोले तब जब लगा कि सियासी नुकसान हो जाएगा। थोड़ा कड़े होकर बोले भी तो सिर्फ प्रियरंजन दासमुंशी। अब क्या समझा जाए इन पार्टियों की मंशा को? अगर ईमानदारी रहती तो पहले ही आवाज उठाते और माकपा के इलाका दखल को रोकते। प्रणव मुखर्जी भी चुप रहे। आरोप है कि उनकी सीआरपीएफ तब लाई गई जब माकपा ने इलाका दखल का खूनी खेल मुकम्मल कर लिया। इतना ही नहीं इलाका दखल में कैडरों को इतनी छूट दी गई कि उनके काम में माडिया की मौजूदगी भी बर्दास्त नहीं की गई। सामाजिक संगठनों को भी नंदीग्राम से दूर रखा गया। अब दखल पूरा हो गया तो बुध्ददेव ने बुध्दिजीवियों से भी माफी मांग ली और मीडिया को भी छूट देने पर तैयार हो गए हैं।
फिलहाल तो सीआरपीएफ के जवानों ने मंगलवार को हिंसाग्रस्त नंदीग्राम के अधिकतर गांवों में प्रवेश कर छापे की कार्रवाई शुरू कर दी है। समाचार एजंसियों के मुताबिक पूर्वी मिदनापुर जिले के एसपी एस. एस.पांडा ने फोन पर बताया कि नंदीग्राम के गांवों में सीआरपीएफ के प्रवेश का सीपीएम या फिर भूमि उच्छेद प्रतिरोध समिति (बीयूपीसी) के समर्थकों ने कोई विरोध नहीं किया। सीआरपीएफ के जवान पुलिस के साथ विभिन्न इलाकों में गश्त कर रहे हैं
पांडा ने बताया कि केंद्रीय बलों ने 5 शिविर स्थापित किए हैं। जवानों ने सोनाचूरा, गोकुलनगर, अधिकारीपारा और अन्य इलाकों में छापे मारे हैं। इन इलाकों में कभी बीयूपीसी की पकड़ थी, लेकिन अब ये सीपीएम के नियंत्रण में हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले 11 महीने से भूमि अधिग्रहण के विरोध में आंदोलन कर रही बीयूपीसी के सदस्यों पर सीपीएम कैडरों के प्रतिशोध स्वरूप हमले की कोई खबर नहीं है। उन्होंने गरचक्रबेरिया में सोमवार की रात सीपीएम समर्थकों के साथ गोलीबारी होने की खबरों को भी गलत बताया। एक सवाल के जवाब में पांडा ने कहा कि करीब 1500 लोग अपने घर छोड़ कर चले गए हैं, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि ये लोग लौट आएंगे और उन पर कोई हमला नहीं होगा।

उधर प्रधानमंत्री ने भी बुद्धदेव से की बात की है। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य से टेलिफोन पर बात कर नंदीग्राम की ताजा स्थिति की जानकारी ली। सीपीएम सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को नंदीग्राम के बारे में विस्तृत जानकारी दी। प्रधानमंत्री का फोन जिस समय आया, मुख्यमंत्री उस दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करने के बाद गवर्नर से मिलने जा रहे थे। मगर यह सब कवायद तब क्यों नहीं शुरू हुई जब माकपा कैडरों के खूनी खेल को रोकने की गुंजाइश थी।
नंदीग्राम मुद्दे को लेकर माकपा तथा कांग्रेस में वाकयुद्ध शुरू हो गया है। माकपा ने नंदीग्राम घटनाक्रम को 'राज्य प्रायोजित नरसंहार' बताए जाने के लिए मंगलवार को केन्द्रीय मंत्री प्रियरंजन दासमुंशी की कड़ी आलोचना की। पार्टी ने मंत्री की इस टिप्पणी को निंदनीय तथा स्तब्धकारी करार देने के साथ ही आरोप लगाया कि दासमुंशी नंदीग्राम पर कब्जा करने के लिए तृणमूल कांग्रेस समर्थित सशस्त्र हुड़दंगियों की मदद कर रहे हैं और उन्हें उकसा रहे हैं। माकपा नेताओं सीताराम येचुरी तथा बासुदेव आचार्य ने संयुक्त बयान में कहा कि पिछले 11 महीने में जब से तृणमूल कांग्रेस समर्थित सशस्त्र हुड़दंगियों ने नंदीग्राम पर कब्जा जमाया है। दासमुंशी हर स्तर पर ऐसी ताकतों को समर्थन दे रहे हैं और उकसा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि दासमुंशी ने मार्च में नंदीग्राम में संचार सुविधाएँ बहाल करने के लिए पुलिस के हस्तक्षेप की निंदा की थी और इस माह के शुरुआत में अशांत क्षेत्र में सीआरपीएफ की बटालियन भेजने की राज्य सरकार की अपील का विरोध किया था।
प्रियरंजन दासमुंशी ने नंदीग्राम में जारी हिंसा पर गहरा दुख जताते हुए इसे 'राज्य प्रायोजित नरसंहार' की संज्ञा दी थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि राज्य सरकार अशांत स्थिति को नियंत्रित करने के लिए केन्द्रीय सुरक्षा बलों का इस्तेमाल नहीं कर रही है। उन्होंने कहा- सरकार का यह दावा गलत है कि नंदीग्राम में सीआरपीएफ तैनात कर दी गई है, बल्कि सही यह है कि सीआरपीएफ के जवान नंदीग्राम के किसी कोने में खड़े हैं और उन्हें अभी तक तैनात नहीं किया गया है।

दासमुंशी ने कहा था कि पूरे राज्य को विनाश की तरफ धकेला जा रहा है। उन्होंने नंदीग्राम में इस स्थिति के लिए माकपा को जिम्मेदार ठहराया और इसे पार्टी की 'सामूहिक रणनीति' बताया। दासमुंशी ने कहा- यदि हत्या और बलात्कार की घटनाओं तथा 14 मार्च को हुई घटनाओं के दोषी लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाता तो उस क्षेत्र में कुछ नहीं हुआ होता।
बंगाल सरकार को बर्खास्त करें-भाजपा
भाजपा अध्यक्ष राजनाथसिंह ने पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में भड़की हिंसा को राज्य में संवैधानिक मशीनरी की विफलता बताते हुए वहाँ की वाम मोर्चा सरकार को सोमवार को तत्काल बर्खास्त करने की माँग की।
कर्नाटक के रूप में दक्षिण भारत में पहली बार किसी राज्य में भाजपा की सरकार के अस्तित्व में आने के ऐतिहासिक पलों में भागीदारी के लिए यहाँ आए सिंह ने बीएस येद्दियुरप्पा के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा कि देश मध्यावधि चुनाव की ओर बढ़ रहा है और भाजपा इसके लिए पूरी तरह तैयार है।
सिंह ने कहा कि पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में भड़की हिंसा के मद्देनजर भाजपा प्रदेश सरकार को बर्खास्त करने की माँग करती है। सिंह ने राज्य में संवैधानिक मशीनरी को पूरी तरह विफल बताया।

नंदीग्राम घटना की जितनी निंदा की जाए कम
लोकसभा में विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी ने कहा कि पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में हाल ही की हिंसक घटनाओं की जितनी भी निंदा की जाए कम है और इस मुद्दे को संसद के शीतकालीन सत्र में उठाया जाएगा।
आडवाणी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ सुबह नई दिल्ली से यहाँ नेताजी सुभाषचंद्र हवाई अड्डे पहुँचे। प्रतिनिधिमंडल में तृणमूल कांग्रेस के सांसद मुकुल राय के अलावा भारतीय जनता पार्टी की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज और एसएस अहलूवालिया, शिवसेना के अनंत गीते, अकाली दल के सुखवीरसिंह बादल, जनता दल (यूनाइटेड) के शरद यादव, बीजू जनता दल के बीके त्रिपाठी तथा चंदन मित्रा शामिल हैं। प्रतिनिधिमंडल तामलुक अस्पताल और शरणार्थी शिविर का भी दौरा करेगा। आडवाणी ने कहा कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को परमाणु करार सहित अंतरराष्ट्रीय मामलों की चिंता है जबकि देश इस बात को लेकर चिंतित है कि मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य की अगुवाई वाली माकपा सरकार नंदीग्राम में किसानों का शोषण कर रही है।

वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि नंदीग्राम का मामला परमाणु करार से कम महत्वपूर्ण नहीं है और विपक्ष इसे संसद के शीतकालीन सत्र में जोरशोर से उठाएगा। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के किसी भी मंत्री को नंदीग्राम की स्थिति जानने के लिए वहाँ जाने की चिंता नहीं है। प्रतिनिधिमंडल नंदीग्राम से लौटने के बाद शाम को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल गोपाल कृष्ण गाँधी से मुलाकात करेगा।
नंदीग्राम में घायलों से मिले आडवाणी
लोकसभा में विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी पश्चिम बंगाल के हिंसाग्रस्त क्षेत्र नंदीग्राम की स्थिति का जायजा लेने के लिए मंगलवार को बेरोकटोक पहुँच गए। आडवाणी राजग के आठ सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ नंदीग्राम पहुँचे। तामलुक से पूरे मार्ग में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। आडवाणी ने तामलुक में अस्पताल जाकर हिंसा में घायल हुए लोगों का हालचाल पूछा और स्थिति की जानकारी ली। आडवाणी के साथ गए तृणमूल कांग्रेस के नेता मुकुल रे ने घायलों की प्रतिक्रिया और अनुभवों का अनुवाद किया। आडवाणी गोकुल नगर, तेंगुआ और सोनाचुरा में विभिन्न स्थानों पर रुके और प्रभावित लोगों से बातचीत की। एक ग्रामीण ने आडवाणी से कहा- हम चाहते हैं कि नंदीग्राम में शांति बहाल हो। कई नेता हमसे मुलाकात करने यहाँ आए और वापस चले गये लेकिन स्थितियों में कोई बदलाव नहीं आया। मेहरबानी करके इस बार यह सुनिश्चित कीजिए कि हम यहाँ सुरक्षित रहें।
आडवाणी ने कहा- मैं इस मुद्दे को संसद में उठाऊँगा। इसके अलावा मैं पश्चिम बंगाल के राज्यपाल गोपाल कृष्ण गाँधी से कोलकाता में मुलाकात करूँगा और उनके साथ स्थिति पर विचार-विमर्श करूँगा। प्रतिनिधिमंडल में रे के अलावा भाजपा की वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज और एसएस अहलूवालिया, शिवसेना के अनंत गीते, अकाली दल के सुखवीरसिंह बादल, जनता दल (यू) के शरद यादव, बीजू जनता दल के बीके त्रिपाठी तथा चंदन मित्रा (निर्दलीय) शामिल हैं।

बंद में बेबस नजर आया पश्चिम बंगाल
कोलकाताः पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम घटनाक्रम के विरोध में आयोजित बंद का व्यापक असर देखने को मिला और बंद समर्थकों के उत्पात के बीच जनजीवन ठप्प पड़ गया। बंद समर्थकों ने सड़कों पर जाम लगाकर सब कुछ जाम करने की कोशिश की। उधर नंदीग्राम से खबर आई कि आरपीएफ के करीब 100 जवान और एक मैजिस्ट्रेट हिंसाग्रस्त नंदीग्राम में प्रवेश करने में सफल रहे। इसके पहले केंद्रीय बल की तीन कंपनियां सीपीएम समर्थकों के अवरोध के चलते इलाके में जाने में विफल रही थीं।
राज्य के गृह सचिव पी. आर. राय ने कहा कि सीआरपीएफ की 5 कंपनियां पहुंच चुकी हैं और उसमें एक कंपनी नंदीग्राम में प्रवेश कर गई है। दो और कंपनियों के एक-दो दिनों में पहुंचने की संभावना है। गांव में किसी को प्रवेश नहीं देने के बारे में पूछे जाने पर राय ने कहा कि आप स्थिति के बारे में जानते हैं, सीआरपीएफ को भी जाने की अनुमति नहीं दी जा रही।
राय ने कहा कि गांव में स्थिति तनावपूर्ण मगर नियंत्रण में है। इसके पहले सीआरपीएफ के महानिदेशक एस. आई. एस. अहमद ने मुख्यमंत्री बुद्घदेव भट्टाचार्य से राइटर्स बिल्डिंग में मुलाकात की। सीपीएम समर्थकों द्वारा सड़कें जाम कर दिए जाने से सीआरपीएफ की 3 कंपनियों को रविवार रात पूर्वी मिदनापुर जिले के मुख्यालय तामलुक लौटना पड़ा था।
उधर, पश्चिम बंगाल सरकार में आरएसपी के मंत्री मनोहर टिर्की ने कहा कि वह नंदीग्राम में हुई हत्याओं को लेकर बुद्घदेव भट्टाचार्य सरकार में नहीं बने रहना चाहते। टिर्की ने कहा कि मैंने पार्टी को लिखा है कि मैं भी मंत्रिमंडल से इस्तीफा देना चाहता हूं। टिर्की ने कहा कि लेफ्ट फ्रंट का गठन लोगों के साथ खड़े होने के लिए किया गया था और नंदीग्राम में हत्याओं के बाद मंत्री बने रहना मेरे लिए शर्म की बात हो गई है।
इसके पहले आरएसपी के एक और मंत्री क्षिति गोस्वामी ने इस्तीफा देने की पेशकश की थी। विभिन्न राजनीतिक दलों के सोमवार के राज्यव्यापी बंद का असर अब तक अप्रभावित रहने वाले कोलकाता के आईटी क्षेत्र पर भी देखने को मिला। केवल 10 से 15 फीसदी कर्मचारी ही काम पर गए। साल्ट लेक आईटी कमेटी के सदस्य एस. राधाकृष्णन ने बताया कि बंद के कारण विभिन्न आईटी कंपनियों में उपस्थिति कम रही।
विप्रो टेक्नालाजीज 2004 में परिचालन शुरू होने से लेकर अब तक पहली बार बंद रही। एक अन्य आईटी कंपनी टेक महिन्द्रा ने अपने बीपीओ परिचालन को अगले 48 घंटे के लिए नोएडा स्थानांतरित कर दिया है। नासकॉम के अध्यक्ष किरण कार्णिक ने कहा कि राज्य सरकार को कर्मचारियों को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराकर उनमें विश्वास का संचार करना चाहिए।
दूसरी तरफ बंद समर्थकों ने हावड़ा के पंचानन टोला में बंगाली दैनिक ' आजकल ' के पांच कर्मचारियों के साथ कथित तौर पर बदसलूकी की। दैनिक के सूत्रों ने कहा कि बंद समर्थकों ने समाचार पत्र के पांच कर्मचारियों को उनके वाहन से जबरदस्ती बाहर निकाला और उनके साथ बदसलूकी की। कर्मचारियों में एक महिला भी शामिल थी। सूत्रों ने कहा कि इस संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
इलाका दखल पूरा किया
तामलुक / मिदनापुर : पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में रविवार को पुलिस के मूक समर्थन से सत्ताधारी सीपीएम के कार्यकर्ताओं ने ' ऑपरेशन कब्जा ' की मुहिम को परवान चढ़ा दिया। इससे पहले कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान यहां पहुंचते तृणमूल समर्थिक भूमि उच्छेद प्रतिरोध समिति व सीपीएम के कॉडरों के बीच ' युद्ध ' समाप्त हो चुका था और एक बार फिर करीब-करीब पूरे नंदीग्राम पर सत्ताधारी पार्टी कब्जा जमा चुकी थी। नंदीग्राम पर कब्जे के बाद सत्ताधारी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एक रैली भी निकाली जिसमें भूमि उच्छेद प्रतिरोध समिति के बंधक बनाए गए 500 सदस्यों को हाथ बांधकर विजय प्रतीक के रूप में प्रदर्शित भी किया गया।
सीपीएम के लोग रविवार को नंदीग्राम में फायरिंग करते हुए प्रवेश किया और लूटपाट व आगजनी करते हुए पूरे क्षेत्र पर कब्जा कर लिया। इसमें कितने लोगों की जानें गईं है इसकी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं है क्योंकि सीपीएम कार्यकर्ताओं ने नंदीग्राम में जाने और आने के सभी रास्ते बंद कर दिए थे। यहां तक कि एसपी के काफिले को भी अंदर नहीं जाने दिया। एक स्थानीय अखबार ने भूमि उच्छेद प्रतिरोध समिति का नेतृत्व कर रहे विधायक शिशिर अधिकारी के हवाले से बताया है कि इस हमले में 50 लोग मारे गए हैं और 200 से ज्यादा घायल हुए हैं।
नंदीग्राम पर कब्जे के लिए पूर्वी और पश्चिमी मिदनापुर के दो शीर्ष नेताओं ने एक मीटिंग में दो हफ्ते पहले ही योजना बनाई थी। इस मीटिंग में पूर्वी मिदनापुर के एक सांसद और राज्य सरकार के मंत्री भी शामिल थे। मीटिंग में मुख्य रूप से इस बात पर चर्चा हुई कि 11 महीने से निंयत्रण से बाहर नंदीग्राम पर कैसे कब्जा किया जाए। इसको परवान चढ़ाने के लिए तीन जिलों-पूर्वी मिदनापुर , बांकुड़ा और उत्तरी 24 परगना से हथियारबंद लोग बुलाए गए थे।

प. बंगाल के राज्यपाल ज्योति बसु से मिले
कोलकाता : पश्चिम बंगाल के राज्यपाल गोपालकृष्ण गांधी ने वामपंथी नेता ज्योति बसु से नंदीग्राम मुद्दे पर शांति कायम करने के उपायों के बारे में चर्चा की। उन्होंने संकेत दिया कि नंदीग्राम में हुई हिंसा के लिए बुद्घदेव भट्टाचार्य की सरकार जिम्मेदार है। साल्ट लेक स्थित निवास पर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु से करीब 40 मिनट की चर्चा के बाद राज्यपाल ने संवाददाताआ को संबोधित करते हुए कहा - मुझे पूरा भरोसा है कि उनके उपायों से नंदीग्राम में दोबारा शांति बहाल हो जाएगी। यह पूछे जाने पर कि क्या आप राज्य के मुख्यमंत्री से बात करेंगे राज्यपाल ने कहा - मुख्यमंत्री मुझसे बात करेंगे। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को सीपीएम द्वारा नंदीग्राम में प्रवेश करने से रोके जाने के बारे में राज्यपाल ने कहा - मुझे पूरा भरोसा है कि मुख्यमंत्री उचित कदम उठाएंगे। राज्यपाल से पहले सीपीएम के राज्य सचिव विमान बोस ने ज्योति बसु से आधे घंटे तक बातचीत की।

इसके साथ ही शांति प्रक्रिया की कवायद शुरू हो गई है। यह तो समय ही बताएगा कि इलाका दखल के बाद कुचले जा चुके किसानों के साथ कितना न्याय करेगी यह दमनकारी वाममोर्चा सरकार और मौकापरस्त पार्टियां? फिलहाल तो राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने नंदीग्राम की रिपोर्ट मांगी है। वाममोर्चा सरकार भी राज्यपाल को अपनी रिपोर्ट सौंप चुकी है। कलकत्ता हाईकोर्ट ने माना है कि नंदीग्राम नें कानून व व्यवस्था की रक्षा सरकार नहीं कर पाई है। देखिए न्याय होता है या न्याय का राजनैतिक वध।

Monday, 12 November 2007

यह जो नंदीग्राम है - माकपा की बला और तृणमूल की संजीवनी






नंदीग्राम की घटना पुराने मसय के हमलावर व बर्बर राजाओं की याद दिला रही है जो अपने साम्राज्य विस्तार के लिए नागरिकों को गाजरमूली की तरह काट देने में कोई परहेज नहीं रखते थे। आज उसी सियासत की बलि चढ़ रहा है नंदी ग्राम और मारे जा रहे हैं निरीह नागरिक। वे नागरिक जो सिर्फ अपने तरीके से जीने का हक मांग रहे हैं। इस वर्चस्व की लड़ाई ने राजनैतिक संकट भी खड़ा कर दिया है।
नंदीग्राम में हिंसा जारी रहने के बीच इस मुद्दे पर पश्चिम बंगाल की वाम मोर्चा सरकार के समक्ष राजनीतिक संकट उभरता दिखा। नंदीग्राम मुद्‍दे पर वर्षों से एकजुट वाम मोर्चे पर मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। मोर्चा की घटक रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी ने अपने तीन मंत्रियों को बुद्धदेव भट्टाचार्य मंत्रिमंडल से हटाने की गुंजाइश से इनकार नहीं किया और आरएसपी नेता क्षिति गोस्वामी ने भी दोहराया कि वह सरकार में बने रहना नहीं चाहते हैं।
यह पूछे जाने पर कि क्या आरएसपी अपने तीनों मंत्रियों गोस्वामी विश्वनाथ चौधरी और सुभाष नासकर को मंत्रिमंडल से वापस बुला सकती है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और सांसद मनोज भट्टाचार्य ने कहा कि हम इसे खारिज नहीं कर रहे हैं। भट्टाचार्य ने कहा इन मुद्दों पर पार्टी सचिवालय और 13 तथा 14 नवम्बर को होने वाली राज्य समिति की बैठक में चर्चा की जानी है। उन्होंने कहा कि गोस्वामी ने मंत्री पद छोड़ने की इच्छा जताई है, लेकिन अभी पार्टी ने इसकी इजाजत नहीं दी है। प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री गोस्वामी ने कहा कि इस्तीफा देने के अपने निर्णय पर वह टिके हुए हैं और कल से वह न तो राइटर्स बिल्डिंग जाएँगे तथा न ही अपनी सरकारी कार का इस्तेमाल करेंगे। उन्होंने कहा कि माकपा इलाकों पर दोबारा नियंत्रण करने के लिए खूनखराबा करना चाहती है। गोस्वामी ने कहा लोकतंत्र का अर्थ है कानून का शासन। मैं ऐसी स्थिति बर्दाश्त नहीं कर सकता हूँ जिसमें निर्दोष लोगों पर बर्बर तरीके से बल प्रयोग किया जा रहा हो। उन्होंने कहा मेरी राय में आरएसपी को वाम मोर्चा मंत्रिमंडल से हट जाना चाहिए।
गोस्वामी के इस फैसले के बाद बंगाल में सत्तारूढ़ गठबंधन के बीच की दरार अब खुलकर नजर आने लगी है। गोस्वामी ने कहा कि नंदीग्राम में जो हो रहा है उसे मैं बर्दाश्त नहीं कर सकता हूँ, लिहाजा इस्तीफा देना चाहता हूँ। माकपा ने हमें धोखा दिया है। कहा कुछ जा रहा है किया कुछ और जा रहा है।मंत्री ने कहा पिछले दस महीनों से जारी हिंसा का मैं विरोध करता हूँ। सरकार के पास कदम उठाने का पर्याप्त वक्त था, लेकिन वह ईमानदार नहीं थी। ] सत्तारूढ़ वाममोर्चे के सहयोगी दल आरएसपी ने नंदीग्राम मामले पर आगे की रणनीति तय करने के लिए कोलकाता में 13 नवंबर को बैठक बुलाई है।
येचुरी बोले, वाम मोर्चे में कोई फूट नहीं
नई दिल्ली : हिंसाग्रस्त नंदीग्राम का मुद्दा रविवार को सीपीएम पोलित ब्यूरो की बैठक में छाया रहा। बैठक के बाद पार्टी नेताओं ने दावा किया कि पश्चिम बंगाल के सत्तारूढ़ वाम मोर्चा में इस मुद्दे को लेकर कोई दरार नहीं है। इस मुद्दे पर वाम मोर्चा में मतभेद होने के बारे में पूछे गए सवालों पर सीपीएम पोलित ब्यूरो के सदस्य सीताराम येचुरी ने संवाददाताओं से कहा - जिसकी आप लोग बात कर रहे हैं वह मतभेद है कहां, कोई फूट सत्तारूढ़ मोर्चा में नहीं है।

नंदीग्राम में तनावपूर्ण स्थिति, ममता को जाने से रोका
नंदीग्राम : पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में शनिवार से जारी झड़प में 4 लोगों की मौत के बाद यहां तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। दूसरी तरफ सीपीएम के कार्यकर्ताओं ने नंदीग्राम जा रहीं तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी को पूर्वी मिदनापुर जिले के केलोमल से आगे नहीं बढ़ने दिया। काफिला रोके जाने के बाद ममता बनर्जी को उनकी पार्टी के कार्यकर्ता मोटरसाइकिल पर बैठकर अस्पताल ले गए जहां कल की हिंसा में घायल लोगों को भर्ती कराया गया है।
आईजी (कानून व्यवस्था) राज कनौजिया ने बताया कि एक बटालियन सीआरपीएफ पहुंच गई और इन जवानों को शीघ्र ही नंदीग्राम में तैनात किया जाएगा। नंदीग्राम में हुई हिंसा की ताजा घटना के मद्देनजर केंद्र ने शनिवार की रात नंदीग्राम के लिए 1000 अतिरिक्त सीआरपीएफ कर्मियों को भेजने की घोषणा की है। पुलिस थाने के बाहर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है जिससे वहां होने वाले किसी हमले को रोका जा सके। शनिवार को भूमि उच्छेद प्रतिरोध समिति के कार्यकर्ताओं ने थाने पर हमला कर दिया था जिसके बाद पुलिस को उनपर आंसू गैस के गोले दागने पड़े थे।
ताजा घटनाओं के मद्देनजर तृणमूल कांग्रेस ने सोमवार से अनिश्चितकालीन 'बंगाल रोको'
अभियान का आह्वान किया है, जबकि कांग्रेस,एसयूसीआई और भाकपा (माले) ने सोमवार को 24 घंटे के बंद का ऐलान किया है। बीजेपी ने भी इसी तरह के 48 घंटे के बंद का आह्वान किया है।
उधर प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय युवा कांग्रेस नेता मिलन प्रधान ने दावा किया कि तेखाली पुल और महेशपुर में कथित माकपा कार्यकर्ताओं ने गोलीबारी और बमबारी की। बहरहाल पुलिस महानिरीक्षक (कानून व्यवस्था) राज कनौजिया ने कोलकाता में कहा कि किसी बड़ी घटना की रिपोर्ट नहीं है। इस बीच आधिकारिक सूत्रों ने कोलकाता में बताया कि सीआरपीएफ की 360 जवानों वाली तीन कम्पनियां हावड़ा रेलवे स्टेशन पहुंचीं और इन्हें नंदीग्राम में तैनात किया जायेगा। उन्होंने कहा कि कुछ और कम्पनियां पहुंचने वाली हैं।
ममता दक्षिण कोलकाता से सांसद हैं। नंदीग्राम में नरसंहार के विरोध में उन्होंने इस्तीफा दे दिया है जो तकननीकी कारणों से मंजी नहीं किया जा सका है। अपने इस्तीफे का ऐलान करते हुए उन्हेंने कहा है कि- मैं सभी संबंधित लोगों को अपना त्याग-पत्र भेज रही हूँ। उन्होंने कहा कि माकपा के एकदलीय और दमनकारी शासन के तहत पश्चिम बंगाल में राजनीतिक गतिविधियाँ जारी रखना संभव नहीं रह गया है। ममता ने कहा नंदीग्राम पर पूरी तरह कब्जा करने के लिए माकपा योजनाबद्ध तरीके से हिंसा का सहारा ले रही है। ममता ने दावा किया कि नंदीग्राम के सोनाचुरा और महेशपुर इलाकों में 200 लोगों की सामूहिक हत्या की गई जब माकपा ने भूमि उच्छेद प्रतिरोध समिति के दो जुलूसों पर हमला किया। व्यथित और उत्तेजित दिख रहीं ममता ने कहा कि मैं इस नरसंहार के विरोध में इस्तीफा दे रही हूँ। वामपंथी कार्यकर्ता मारे गए लोगों के शव माकपा के गढ़ माने जाने वाले खेजुरी में ले गए जबकि घायलों को अस्पतालों में भर्ती नहीं होने दिया जा रहा है। यह पूछे जाने पर कि क्या वह सोमवार को एसयूसीआई के हड़ताल के आह्वान का समर्थन करती हैं, ममता ने कहा अब से सभी लोग साथ हैं।
इस्तीफा देने का ऐलान कर चुकीं ममता ने कहा मैं नंदीग्राम जाना चाहती हूँ। मैंने यह बात राज्यपाल गोपालकृष्ण गाँधी और केन्द्रीय गृहमंत्री शिवराज पाटिल को बता दी है। ममता का इस्तीफा नामंजूरनंदीग्राम की ताजा ¨हसा के विरोध में तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी द्वारा लोकसभा की सदस्यता से शनिवार को दिया इस्तीफा जिसे लोकसभा अध्यक्ष ने नामंजूर कर दिया।
राजनीतिक पैतरेबाज़ी
नंदीग्राम की स्थिति को लेकर राज्य में राजनीतिक लड़ाई भी तेज़ हो गई है. दरअसल राज्यपाल गोपाल कृष्ण गांधी के कड़ा रवैया अख्तियार करने के बाद माकपा के अहम् को काफी चोट पहुंची है। स्थिति यह है कि राज्य सरकार और राज्यपाल गोपाल गांधी आमने-सामने आ गए हैं. जहाँ राज्यपाल ने राज्यसरकार की आलोचना की है वहीं वाम गठबंधन ने राज्यपाल पर पक्षपात का आरोप लगाया है. शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के राज्यपाल गोपाल कृष्ण गांधी ने कहा था कि नंदीग्राम युद्धक्षेत्र में तब्दील हो गया है. कोई भी सरकार या समाज ऐसे किसी युद्धक्षेत्र को बने रहने की अनुमति नहीं दे सकती है, वो भी बिना किसी तत्काल और प्रभावी कार्रवाई के.
इसके जवाब में वाम गठबंधन के प्रमुख बिमान बोस ने कहा था कि राज्यपाल ने अपनी संवैधानिक सीमा का उल्लंघन किया है. उनका रवैया साफ़ तौर पर पक्षपातपूर्ण है. राज्यपाल के लिए मार्क्सवादी समर्थकों की मौत कोई मायने नहीं रखती. वो तभी बोलते हैं जब किसी और की मौत हो जाए या कोई और घायल हो जाए.
वयोवृद्ध मार्क्सवादी नेता ज्योति बसु ने नंदीग्राम मसले पर पश्चिम बंगाल के राज्यपाल गोपाल कृष्ण गाँधी की टिप्पणी को अवांछित बताया है।बसु ने एक बयान में कहा कि इस मसले पर राज्यपाल ने टिप्पणी कर कोई अच्छा काम नही किया है। इससे पहले माकपा ने राज्यपाल पर निष्पक्ष नहीं रहने का आरोप लगाया था। कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल के राज्यपाल गोपाल कृष्ण गाँधी की राज्य के ताजा घटनाक्रम पर टिप्पणी से उत्पन्न विवाद से खुद को अलग रखते हुए कहा कि वह इस पर कोई प्रतिक्रिया देना नहीं चाहती। सहारा के समय चैनल पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रणव मुखर्जी तो टिप्पणी देने की बजाए सारी बोलकर पत्रकारों के सामने से निकल गए।

नंदीग्राम में 'कम्युनिस्ट आतंक'-मेधा पाटकर
कोलकाता : सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर ने कहा है कि पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम में 'कम्युनिस्ट आतंक' प्रताड़ना और जोर जबरदस्ती कर फिर से अपनी पैठ बनाना चाहते हैं।सुश्री पाटकर ने नंदीग्राम में फिर से अपने आंदोलन को शुरू करते हुए कहा कि वहाँ शिकायत की कोई गुंजाइश नहीं है और लोग परेशान तथा बेसहारा बन गए हैं। उन्होंने दावा किया कि नंदीग्राम में पी‍ड़ितों को सहायता पहुँचाने का प्रयास करते समय उन्हें प्रता‍ड़ित किया गया और माकपा के कार्यकर्ताओं ने उन्हें वहाँ जाने से रोका है।नर्मदा बचाओ आंदोलन की नेता ने कहा कि गुरुवार को जब वह नंदीग्राम की तरफ जा रही थीं तो उनके वाहन को रोका गया और उनके एक सहयोगी को पीटा गया। उन्होंने कहा कि माकपा के गुंडों ने उन्हें भी बाल पकड़कर खींचा। सुश्री पाटकर ने कहा कि उन्होंने रेडक्रॉस से अनुरोध किया है कि नंदीग्राम में लोगों को माकपा के आतंक का शिकार होना पड़ रहा है इसलिए यह सामाजिक संगठन वहाँ लोगों के हितों के लिए उन्हें सहायता उपलब्ध कराए।
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल गोपालकृष्ण गाँधी को नंदीग्राम मामले में कार्रवाई के लिए ज्ञापन सौंपने के बाद सुश्री पाटकर ने शुक्रवार शाम यहाँ कहा कि नंदीग्राम में मानवाधिकार का हनन हो रहा है, इसलिए उन्होंने मानवाधिकार आयोग के समक्ष गुहार लगाई है।
जानी-मानी समाजसेविका मेधा पाटकर नंदीग्राम के मसले पर कोलकाता के धर्मतला में बुध्दिजीवियों व कलाकारों के साथ भूख हड़ताल पर बैठी हैं. उनके साथ नंदीग्राम से भागकर आईं लड़किया और महिलाएं भी हैं। राज्यपाल को ग्यापन देने वे उस औरत के साथ भी गईं थीं जिसके साथ नंदीग्राम में कथित तौर पर बलात्कार का आरोप लगाया गया है। नंदीग्राम में पिछले एक सप्ताह से भूमि अधिग्रहण का विरोध कर रही 'भूमि उच्छेद प्रतिरोध समिति' के समर्थकों और सत्ताधारी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़पों के बाद वहाँ गहरा तनाव बना हुआ है. दोनों गुटों के बीच हुई हिंसा में लगभग नौ लोगों की मौत हो चुकी है और 50 से ज़्यादा लोग घायल हो गए हैं.सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर ने कहा है कि नंदीग्राम ऐसा यातना शिविर बन चुका है, जहां माकपा कार्यकर्ता आतंक फैला रहे हैं।
नंदीग्राम हिंसा के विरोध में मौसमी चटर्जी आगे आईं
कोलकाता : पश्चिम बंगाल के नन्दीग्राम में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी कार्यकर्ताओं के कथित तांडव के विरोध में सामने आए कलाकारों की सूची में बीते जमाने की प्रसिद्ध अदाकारा मौसमी चटर्जी भी शामिल हो गईं। उन्होंने इसके विरोध में एक सम्मान ग्रहण करने से भी इनकार कर दिया। चटर्जी ने बताया - नन्दीग्राम में जो भी कुछ हो रहा है। वह अमानवीय है। ऐसे समय में कोई भी बंगाली कैसे मूक दर्शक बना रह सकता है। उन्होंने कहा कि वहां जिस तरह से सीपीएम के कार्यकर्ता बर्बर होकर मासूम जनता का खून बहा रहे हैं। इसे कैसे बर्दाश्त किया जा सकता है। उन्होंने सवाल किया कि प. बंगाल में इस तरह का जंगल राज कैसे चल रहा है। गौरतलब है कि चटर्जी को एक प्रख्यात बंगाली पाकाशन संस्थान ने लाइफ्टाइम अवॉर्ड देने की घोषणा की थी जिसे उन्होंने इस समय लेने से इनकार कर दिया है। इस बीच कोलकाता में उन बुध्दिजीवियों की आज गिरफ्तारियां की गईं जो नंदीग्राम हिंसा पर लालबाजार पुलिस मुख्यालय के सामने विरोध जता रहे थे।

लेफ्ट को गुजरात पर बोलने का हक नहीं
नई दिल्ली: बीजेपी ने नंदीग्राम में जारी हिंसा के सवाल पर सीपीएम और पश्चिम बंगाल के राज्यपाल गोपाल कृष्ण गांधी के बीच विवाद में राज्यपाल का साथ देते हुए सीपीएम की कड़ी आलोचना की है। पार्टी ने केंद्र सरकार से मांग की है कि वह राज्यपाल से नंदीग्राम के हालात पर ठोस रिपोर्ट मंगाकर वहां शांति बहाल करने के लिए जरूरी कदम उठाए। बीजेपी ने कहा है कि लेफ्ट वाले गुजरात पर इतना चिल्ला रहे हैं, लेकिन उन्हें नंदीग्राम क्यों नहीं सूझता। राज्यपाल ने वहां के गांवों पर कब्जे को गैरकानूनी करार देते हुए कहा है कि इसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
बीजेपी प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने सीपीएम की टिप्पणी को राज्यपाल की गरिमा पर चोट करार देते हुए कहा कि नंदीग्राम में पुलिस की सहायता से सीपीएम के गुंडे खुलेआम कई महीनों से नरसंहार को अंजाम दे रहे हैं। अभी तक वहां की सरकार ने कोई कार्रवाई क्यों नहीं की है? प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह गुजरात पर बोलते हुए थकते नहीं हैं, लेकिन नंदीग्राम में गरीबों में भी जो सबसे गरीब लोग हैं, वे मारे जा रहे हैं। इस पर उनकी चुप्पी पर सभी स्तब्ध हैं। हालात इतने खराब हो गए हैं कि लेफ्ट सरकार ने अपनी कलई खुलने के डर से अब वहां मीडिया और मानवाधिकार संगठनों को भी जाने से रोक दिया है।
नंदीग्राम प्रकरण पर कांग्रेस नीत केंद्र सरकार की चुप्पी की कड़ी आलोचना करते हुए बीजेपी ने पश्चिम बंगाल के हिंसाग्रस्त क्षेत्र की स्थिति का आकलन करने के लिए एक उच्च स्तरीय टीम भेजने का निर्णय लिया है। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि प्रदेश के राज्यपाल गोपाल कृष्ण गांधी की रिपोर्ट और नंदीग्राम में लगातार हो रही हिंसा के बावजूद केंद्र सरकार प्रदेश सरकार की रक्षा कर रही है। पार्टी इस मुद्दे को संसद के शीतकालीन सत्र में जोर-शोर से उठाएगी।
बीजेपी के उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने बताया सीपीएम केंद्र सरकार संरक्षित हत्यारी है। नंदीग्राम की हिंसा ने कम्युनिस्ट पार्टी के असली चेहरे को उजागर कर दिया है। इस मामले में केंद्र की चुप्पी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए नकवी ने कहा कि केंद्र में कांग्रेस की अगुवाई वाला सत्तारूढ़ गठबंधन केवल सरकार को बचाने की फिराक में है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार केवल घड़ियाली आंसू बहा रही है और राज्यपाल की रिपोर्ट के बावजूद कुछ नहीं कर रही है।
बीजेपी के उपाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह नंदीग्राम की जमीनी हकीकत तथा स्थिति का जाएजा लेने के लिए पार्टी की टीम वहां भेजेंगे। उन्होंने कहा कि टीम की रिपोर्ट के आधार पर गुरुवार से शुरू हो रहे संसद के शीतकालीन सत्र में इस मुद्दे को पार्टी जोर शोर से उठाएगी।

लगातार गलतियों से फंसी माकपा
बुधवार, 14 मार्च, 2007 को नंदीग्राम में बुधवार को हुई पुलिस गोलीबारी में १४ लोगों के मारे जाने और 50 से अधिक के घायल होने की वारदात को यही सरकार अंजाम दे चुकी है। हालांकि प्रशासन की ओर से सात लोगों की मरने और 25 लोगों के घायल होने की पुष्टि की गई । घायलों में कुछ पुलिसवाले भी हैं.दरअसल पूर्वी मिदनापुर ज़िले के नंदीग्राम के लोग पिछले कुछ समय से खेती की ज़मीन लेकर रसायन संयंत्र लगाने का विरोध कर रहे हैं और इसी को लेकर वहाँ पिछले कुछ दिनों से तनाव था.
तब भी पश्चिम बंगाल में सत्ताधारी वामगठबंधन के घटकदलों में मतभेद उभर आए हैं. आरएसपी और फ़ॉर्वर्ड ब्लॉक ने इस घटना की निंदा करते हुए विरोध जताया था।
नंदीग्राम में विवाद की वजह है यहाँ प्रस्तावित रासायनिक इकाई की स्थापना के लिए भूमि आबंटन.
राज्य सरकार जहाँ इस तरह के कारख़ानों की स्थापना के लिए इस गाँव की ज़मीन के अधिग्रहण का अधिकार संबंधित समूहों को सौंप चुकी है वहीं स्थानीय लोग इसका विरोध कर रहे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि वे अपनी ज़मीन पर ऐसी कोई इकाई नहीं चाहते हैं और उन्हें उनकी ज़मीनें वापस कर दी जाएँ. इसको लेकर कई मानवाधिकार संगठन और राज्य के विपक्षी दल भी सरकार का विरोध करते रहे हैं. लोगों और पुलिस प्रशासन के बीच यहाँ की ज़मीन के अधिग्रहण को लेकर पिछले कुछ दिनों से संघर्ष लगातार जारी है. इसी इलाक़े में इंडोनेशिया की सलेम समूह भी निवेश करने की योजना बना रही है.

अब कांग्रेस के आगे घुटने टेकने की नौबत
नई दिल्ली : नंदीग्राम में लगातार जारी हिंसा ने सीपीएम के लिए मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। सूत्रों के अनुसार नंदीग्राम में हिंसा की तीखी आलोचना ने सीपीएम को परमाणु समझौते पर भी बैकफुट पर ला दिया है। लगातार जारी विरोध और सरकार के अड़ियल रवैए ने हालात को काफी बिगाड़कर रख दिया है। अब फंस चुकी माकपा के नंदीग्राम मामले में तेवर ढीले पड़ने लगे हैं।
नंदीग्राम में हिंसा के मुद्दे पर पश्चिम बंगाल के वाम मोर्चे के घटक दल सीपीआई, फॉरवर्ड ब्लॉक और आरएसपी भी सीपीएम से असहमत हैं। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल द्वारा नंदीग्राम पर सार्वजनिक बयान पर सीपीएम के साथ सीपीआई ने कड़ी आपत्ति जताई है, मगर सीपीएम जिस तरह नंदीग्राम के मुद्दे से निपट रही है, उससे सीपीआई असंतुष्ट है। आरएसपी के पीडब्ल्यूडी मंत्री क्षिति गोस्वामी के इस्तीफे की इच्छा और लोकसभा से तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनजीर् के इस्तीफे पर भी चर्चा होगी।
नंदीग्राम में हिंसा की शुरुआत इस साल जनवरी में हुई थी। तभी सीपीआई ने अपनी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए राज्यसरकार के समस्या समाधान के लिए उठाए गए कदमों को अपर्याप्त बताया था। लेकिन बाद में अमेरिका से परमाणु समझौते पर यूपीए सरकार के साथ चले विवाद ने चारों वामदलों के बीच अन्तर्विरोधों की खाई पाट दी थी।
सीपीएम के पश्चिम बंगाल से आए सांसद मानते हैं कि नंदीग्राम के जख्म लंबे अरसे तक भरने वाले नहीं हैं। अगले लोकसभा चुनाव में इनका असर हो सकता है। पिछले लोकसभा चुनाव में सीपीएम 44 सीटें जीती थी, जिनमें से अधिकांश पश्चिम बंगाल से ही थीं। पश्चिम बंगाल में वाम मोर्चे के दल नंदीग्राम के संभावित राजनीतिक परिणामों को लेकर आशंकित हैं।

Tuesday, 6 November 2007

कम्युनिष्टों को डरा रहा है रिजवान का भूत !



समकालीन जनमत ने पश्चिम बंगाल में एक मुसलमान लड़के रिजवान-उर-रहमान की एक संपन्न मारवाड़ी लड़की प्रियंका तोदी से प्रेम की कहानी के दुखद अंत की कथा को समेटते हुए टिप्पड़ी छापी है। इस लेख को आप भी इस लिंक http://samkaleenjanmat.blogspot.com/2007/11/blog-post_3659.html पर जाकर पढ़िए। लेख मेंरे मित्र दिलीप मंडल ने लिखा है। मेरे मित्र पत्रकार हैं और हर किस्म की टिप्पड़ी लिखना उनका अधिकार है। लेख दो बातों को एक साथ जोड़ता है। एक रिजवान की घटना और दूसरा बंगाल में मुसलमानों का विकास। जो अनुचित है। समकालीन जनमत प्रगतिशील विचारधारा की पत्रिका है। मुझे आपत्ति दिलीप के लिखने पर नहीं बल्कि समकालीन जनमत से है। वे इस लेख को छापकर क्या संदेश देना चाहते हैं। एक तरफ त्रिलोचनजी पर अपील छाप रहे हैं और दूसरी तरफ रिजवान पर यह गफलत पैदा करने वाला लेख। आपके लेख तो जो सबसे तीब्र होकर बात सामने आ रही है वह यह है कि अब कम्युनिष्टों को डरा रहा है रिजवान का भूत। आर्कुट और समकालीन जनमत में कुछ तो फर्क दिखना चाहिए। हमारी इसी दृष्टि से तो बाकी दुनिया रिजवान के मामले को सिर्फ साम्प्रदायिक घटना मान रही है। जबकि इसका ठीक उल्टा यह है कि अत्यंत लोकतांत्रिक कम्युनिष्टों के शासन की वह संविधानिक खामी उभर कर सामने आई है जिसमें उनका साम्यता का दर्शन धुंधला गया है। शायद इसी हड़बड़ी में कई गलतियां भी कर चुकी है बुध्ददेव सरकार।
आपके लेख से तो मुझे भी यह लगता है कि रिजवान के बहाने शायद कम्युनिष्टों से मुसलमानों का मोह भंग हो जाए लेकिन रिजवान के मुद्दे को मुसलमानों के विकास से कैसे जोड़ा जा सकता है। आबादी के हिसाब से सभी को सरकारी नौकरी कैसे दी जा सकती है? तब तो यह भी देखना चाहिए कि आदिवासियों व शिक्षा के तौर पर दूसरी पिछड़ी जातियों को ही सरकारी नौकरी कहां उपलब्ध है। अगर ऐसे ही विकास का पैमाना हम बनाते रहे तो कई सदियों तक जाति, धर्म और आरक्षण से शायद ही बाहर निकल पाएं। प्रगतिशील होकर तर्क के लिए इस तरह के सहारे लेना छोड़ना होगा। क्या जाति, धर्म से मुक्त होकर अमीर- गरीब की बहस संभव नहीं? सर्वांगीण विकास तभी होगा जब देश के हर गरीब को विकसित होने का मौका मिले। रिजवान का मुद्दा मुसलमानों के बंगाल में विकास से जोड़कर देखना दुखद है। इसे एक शख्स को संविधानिक सुरक्षा न मिल पाने और सरकार को इसमें शामिल होने का दोषी मानना होगा। ऐसा नहीं कि यह पहला रिजवान है जो अन्याय का शिकार हुआ है। ऐसी तमाम प्रेम कहानियों से हम सभी वाकिफ हैं। प्लीज इसे सांप्रदायिक रंग मत दीजिए। यह अपने अधिकारों से वंचित किए जाने की शासकीय गुंडागर्दी की घटना है। इसी तरह देश के दूसरे हिस्से में ऐसी समस्याएं हैं। इन समस्याओं के लिए सिर्फ और सिर्फ सरकारें दोषी हैं। सरकारों की उपेक्षा से जुड़ी ऐसी सभी घटने वाली घटनाओं पर आवाज उठाना लाजिमी होगा।

Friday, 2 November 2007

वोट मांगना मतलब देश चलाने का जाब !




चुनाव जीतकर संसद या विधानसभा पहुंचने वाले नेता ही शासन की बागडोर संभालते हैं और इनके ही हाथों में होता है देश के करोड़ों लोगों का भविष्य। भारत समेत पूरी दुनियां में इसी तरह से जनप्रतिनिधि सत्ता संभालते है। सवाल यह उठता है कि क्या चुनाव जीतना ही ऐसी योग्यता की कसौटी है जिसे देश चलाने की योग्यता माना जा सकता है। यह सवाल उन कुछ चुनाव जीतने वालों पर नहीं उठाया जा सकता जो शिक्षित होने के साथ-साथ राजनीति का भी पर्याप्त अनुभव लेकर संसद या विधानसभा में पहुंचते हैं। या फिर जो किसी विचारधारा के चिंतक होने के साथ अपने देश के लोगों के लिए अपरिचित नहीं होते। उन्हें लोग किसी जनहित के आंदोलनों के कारण जानते हैं। मगर ऐसे कितने लोग हैं। अब जिस तरह से पार्टियों का प्रादुर्भाव हो रहा है उससे यह समझना मुश्किल हो गया है कि कौन देश को बेहतर भविष्य प्रदान कर सकेगा। क्या ये सारे लोग देश चलाने की योग्यता रखते हैं? कम से कम मैं तो यही कहूंगा कि इस कसौटी पर चुनाव जीतने वाले सारे नेता खरे नहीं उतरते।
यही सवाल उठाकर टाइम्स आफ इंडिया ने पूरे देश में मुहिम चलाकर उन लोगों को नेता बनने के लिए आमंत्रित किया था जो खुद को देश को बेहतर चला सकने की दक्षता रखते हैं। बहुत सारे लोग इस चुनौती को स्वीकार करके सामने आए। टाइम्स की इस मुहिम को जागरूकता के लिहाज से बेहतर प्रयास माना जा सकता है। मगर यह प्रयास इस मायने में अधूरा है क्यों कि आज की चुनावी राजनीति में पैसे और खून-खराबे का जो नंगा नांच खेला जा रहा है, जिस तरह से गली मुहल्ले के गुंडे बाहुबल पर मंत्री पद हासिल कर ले रहे हैं, वैसी परिस्थिति में कोई पढ़ा लिखा और विचारवान व्यक्ति कैसे इनका मुकाबला कर पाएगा। बाहुबलियों के सामने तो इनका टिकना मुश्किल होगा। गुंडों के सामने ये चुनाव भी नहीं जीत पाएंगे। यह संवैधानिक व्यवस्था है कि देश चलाने की पहली योग्यता चुनाव जीतना है। और वह इनके वश का नहीं होता। ऐसे में फिलहाल जो देश का राजनीतिक परिदृश्य है उसपर जाति, धर्म, क्षेत्रीयता, बाहुबल, भ्रष्टाचार और अपराधी हावी हैं। तो टाइम्स के चुने गए नेता इन सारी बुराईयों का मुकाबला कैसे कर पाएँगे। संभवतः कभी नहीं। यहां यह चिंतनीय है कि जो देश को चलाने की योग्यता रखता है वह आज के परिदृश्य में चुनाव नहीं जीत सकता और जो चुनाव जीत सकता है वह देश चलाने की योग्यता नहीं रखता। सत्ता के लिए फितरत की राजनीति में इनकी ही सारी पैंतरेबाजी होती है। ऐसे ही नेता जनता को अपनी खेती समझते हैं। और राजनीति को धंधा। तभी तो देश को लूटने में इन्हें शर्म नहीं फक्र होता है।
यह भी कहा जाता है कि ऐसे धंधेबाज अगर काबिल नहीं हैं तो जनता उन्हें चुनती ही क्यों है? मगर इस जुमले का सच यह है कि अपराधियों के आगे निरीह जनता और क्या कर सकती है। यही नहीं जाति व क्षेत्रीयता की आड़ में जो जनादेश हासिल करके सरकारें बनतीं हैं वह अपने दायरे से बाहर कभी नहीं निकल पाती हैं। इसकी वजह यह है कि ये विकास के मुद्दे पर चुनाव नही जीतते। जातीय समीकरण इनकी जीत का कारण बनता है। शायद इसी लिए देश की बजाए ये अपने समुदाय के हितचिंतक बने रहते हैं। जो देश हित में कभी नहीं होता। सबसे बड़ी बात यह होती है किजातीय व आपराधिक समीकरणों से जीतकर आए ऐसे नेता देश चलाने के काबिल ही नहीं होते।
देश चलाने की काबिलियत पर टाटा अग्नि चाय का एक विग्यापन करारा चोट करता है। प्रसंगवश इसका जिक्र करना गलत नहीं होगा। इस विग्यापन में एक नेताजी साधिकार एक मतदाता के पास पहुंचते हैं और कहते हैं कि -मैं आपसे आपका वोट मांगने आया हूं। इस पर मतदाता कहता है कि आपकी योग्यता क्या है? इस सवाल की खिल्ली उड़ाने के अंदाज में नेताजी का शागिर्द कहता है कि पूरे २५ साल का तजुर्बा है नेताजी को। इस जवाब से मतदाता संतुष्ट नहीं होता और न ही नेताजी के दबदबे से विचलित होता है। पूछता है कि-आपके पास अनुभव क्या है? अनुभव के सवाल पर अब नेताजी बौखला जाते हैं क्यों कि पहली बार वोट के सवाल पर कोई मतदाता इतने सवाल करता दिखता है। उल्टे सवाल करते हैं कि उन्होंने क्या किसी जाब के लिए अप्लाई किया है? अविचल मतदाता तपाक से जवाब देता है-आपने देश चलाने का जाब अप्लाई किया है। इस जवाब पर वोट मांगने आए नेताजी और उनके शागिर्द दोनों झेंप जाते हैं। यह आखिरी संवाद बहुत ही प्रभावकारी तरीके से यह बताता है कि नेता बनना देश चलाने का जाब है। आप उसमें कहां फिट बैठते हैं। अगर आप इस काबिल हैं तो आप को वोट मांगने का अधिकार है अन्यथा देश के भविष्ये साथ खिलवाड़ मत करिए।
विडंबना यह है कि आज के माहौल में बस खिलवाड़ ही तो हो रहा है। अगर खिलवाड़ नहीं होता तो बिहार के अनंत सिंह जैसे जनप्रतिनिधि कैसे पैदा हो जाते। जिन्होंने सरेआम लोकतंत्र की खिल्ली उड़ाते हुए खबर के लिए चंद सवाल पूछने गए पत्रकारों को बांधकर पीटा। ऐसे नेता से क्या कोई मतदाता यह सवाल पूछ सकता है कि वोट के लिए आपकी काबिलियत क्या है ? उसकी यह मजाल कि अनंत जैसे नेता को वोट देने से मना कर दे। अनंत की मोकामा इलाके में समानांतर सत्ता है। इतना खौफ पैदा करने वाले अनंत अकेले जनप्रतिनिधि नहीं हैं। सभी दलों में ऐसे बाहुबली हैं जो कहलाने को विधायक या सांसद होते हैं मगर असल में वे अपराधी किस्म के लोग होते हैं। यानी जब राजनीति का अपराधीकरण इस कदर हो चुका हो कि मतदाता विवेक की बजाए खौफ के साए में वोट डाले तो कैसा लोकतंत्र और कैसे जनप्रतिनिधि? इनकी देश को चलाने की काबिलियत कैसे मानी जा सकती है? हां मतदाताओं को डराने धमकाने की काबिलियत अवश्य इनमें होती है। इस काबिलियत की पार्टियों को सत्ता हासिल में जरूरत पड़ती है मगर देश के लिए ये नेता नहीं नासूर हैं। देश चलाने की काबिलियत को उस पैमाने पर भी मापा जाना चाहिए जो मंत्री या मंत्रालय के कामकाज देखने में एक वरिष्ठ आईएस अधिकारी से की जाती है। एक आईएस को विभिन्न परीक्षाओं व प्रशिक्षणों से तपाकर निकाला जाता है। जब वह खरा सोना बन जाता है तभी अनुभवों और कामकाज के बेहतर रिकार्ड के आधार पर उसे जिम्मेदारी सौंपी जाती है। क्या जनप्रतिनिधि से ऐसी अपेक्षा नहीं की जा सकती। नेता को भी कई परीक्षणों के दौर से गुजारना चाहिए। पार्टियों में नेतृत्व की क्षमता के आधार पर भर्ती की जानी चाहिए। निचले स्तर पर बेहतर शैक्षणिक रिकार्ड वाले ऐसे कार्यकर्ताओं को लिया जाना चाहिए जिनकी छवि साफ-सुथरी हो। इन्हें ही देश चलाने के लिए तैयार किया जाना चाहिए। मगर यह सब सभी पार्टियों की आचार संहिता में दफ्न हैं। हकीकत में पढ़ाई छोड़कर गुंडागर्दी करने वाले कालेज, विश्वविद्यालय या गली मुहल्लों के दादा को ही ज्यादातर नेता बनने का मौका हासिल होता है। अब बताईये कि एक तेज तर्रार छात्र जीवन गुजार चुका शख्स बेहतर होगा या ये गुंडे।
यह भी कहा जा सकता है कि बेहतर छात्र नेता की जगह डाक्टर, इंजीनियर या प्रशासनिक अधिकारी बनना पसंद करते हैं। मगर यह सही नहीं है। अगर राजनीति की डगर साफ-सुथरी अपराध मुक्त होती तो सभी अच्छे छात्र मंत्री बनना क्यों नहीं पसंद करते। मगर प्रखर छात्रों को नेता बनाने के लिए संरक्षण की जरूरत होगी। यह प्रयोग पार्टियां करती भी हैं। कई क्षेत्रों के विशेषग्यों को चुनाव जितवाकर लाती हैं और उन्हें वैसी जिम्मेदारी सौंपती हैं। लेकिन यह तो कृपा करने वाली बात हुई। ऐसे लोगों का जनाधार नहीं होता और न ही आम लोगों की व्यवहारिक समस्याओं का ग्यान होता है। नेता के तौर पर इनका व्यक्तित्व अधूरा होता है। इस प्रक्रिया को अपनाने की जगह पढ़े लिखे लोगों को बतौर पार्टी कार्यकर्ता प्रशिक्षित किया जाना शायद बेहतर होगा। और ऐसा तब होगा जब सभी पार्टियों को कानूनी दायरे में बांधकर ऐसा करने पर मजबूर किया जाए। इसे ठीक से लागू करने के लिए अपराध से नाता रखने वालों से नाता ईमानदारी से तोड़ना होगा। जनता इस मुद्दे पर दबाव डालने में महत्तवपूर्ण भूमिका निभा सकती है। जागरूकता और हिम्मत के साथ ऐसे किसी प्रतिनिधि का बहिष्कार करना होगा भले ही वह अपनी रुचि की ही पार्टी का क्यों न हो। तय करना होगा कि देश चलाने का जाब उसी को सौंपेंगे जो इसकी काबिलियत रखता है। क्या राजनीति को धंधा, जनता को खेती, भ्रष्टाचार व अपराध को सिध्दांत, गुंडागर्दी को अपनी योग्यता समझने वाले नेताओं को टाटा-बाय बाय करने को तैयार हैं आप? अगर नहीं तो आपको भी जनप्रतिनिधि चुनने और ऐसी सरकारों को कोसने का कोई अधिकार नहीं है। देश को चलाने वाले लोगों के नियोक्ता आप ही हैं। जागिए, वरना वतन को गिरवी रख आपको फिर गुलाम बना देंगे ये नाकाबिल नेता।

डा. मान्धाता सिंह
३७, मनुजेंद्र दत्त रोड, दमदम कैंट
कोलकाता-२८
फोन-०३३-२५२९२२५२

Wednesday, 24 October 2007

साहित्यकार मित्र रचनाएं भेजें

यह सूचना उन मित्रों के लिए है जो उत्तर प्रदेश के राज्य कर्मचारी हैं और हिंदी व हिंदी साहित्य के विकास के लिए कार्यरत हैं। आप अपनी प्रविष्टि नीचे लिखी सूचना के अनुसार भेजें। सूचना के आखिर में संस्थान का ब्लाग पता है। उसमें जाकर पूरा विवरण हासिल कर सकते हैं।
---------------------
इस सूचना को पढ़ें
--------------------
राज्य कर्मचारी साहित्य संस्थान, मुख्य भवन, कक्ष संख्या-119 ब, भूतल,
गेट नं0 9 के निकट, उत्तर प्रदेश सचिवालय, हज़रतगंज, लखनऊ-226001 द्वारा
उत्तर प्रदेश के राज्य कर्मचारियों/अधिकारियों को सम्मानित करने की शासन
की योजना के अन्तर्गत वित्तीय वर्ष 2007-08 के लिये देवनागरी लिपि में
लिखित प्रदेश की भाषाओं/बोलियों (6 पुरस्कार) एवं उर्दू भाषा में (2
पुरस्कार) (फारसी लिपि में) दीर्घकालीन साहित्यिक सेवाओं तथा गद्य/पद्य
की पिछले चार वर्षों के अन्दर प्रकाशित मौलिक कृतियों के लिए 51-51 हजार
रूपये के पुरस्कार प्रदान किये जाने हैं। अन्य जानकारी के लिए यह ब्लाग
देंखें-http://sansthan.blogspot.com/

LinkWithin

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...