Sunday, 9 December 2007

त्रिलोचन शास्त्री : हार गए जीने की जंग !




चिंतन ब्लाग में त्रिलोचन पर कई सामग्री पहले भी दी जा चुकी हैं। जिसमें उनपर लिखी एक सामग्री का शीर्षक दिया है------ अब है जीने की जंग। लेकिन आज उनके यह जंग हार जाने की खबर सुनकर दिल रो पड़ा। त्रिलोचन मेरे लिए सिर्फ कवि नहीं थे। बेहद पारिवारिक स्तर पर उनसे लगाव था। अब इतना दुखी हूं कि सिर्फ श्रद्धांजलि के अलावा कुछ और कहने को मेरे पास शब्द नहीं हैं। निधन की खबर के साथ कुछ और बातें मेरे ही ब्लाग में त्रिलोचन शीर्षक से छपा है। शेष फिर कभी। भगवान त्रिलोचनजी की आत्मा को शांति प्रदान करें साथ ही इस दुख को सह लेने की ताकत भी उनके परिवार को प्रदान करें। त्रिलोचनजी के छोटे बेटे अमितजी तो मेरे अग्रज हैं और बड़े भाई जयप्रकाशजी काशी हिंदू विश्वविद्यालय में मेरे गुरू रहे हैं। अर्थात त्रिलोचनजी का जाना मेरे लिए भी पारिवारिक शोक ही है। हिंदी के अखबार प्रभात खबर, राष्ट्रीय सहारा, अमर उजालाव दैनिक जागरण समेत की अखबारों व समाचार एजंसियों ने फौरन ही अपने वेबसाइट पर फ्लैश व खबर देना शुरू कर दिया था। श्रद्धांजलि स्वरूप नीचे उनके निधन की खबर दो अखबारों से यहां उद्धृत हैं। पहली जनसत्ता की पीडीएफ फार्म में खबर व दूसरी दैनिक जागरण की पूरी खबर। व्यथित मन एकांत चाह रहा है इसलिए इससे आगे कुछ भी लिख पाने में असमर्थ हूं। क्षमा चाहूंगा।


कवि त्रिलोचन शास्त्री नहीं रहे

त्रिलोचन शास्त्री के निधन से समकालीन कविता की त्रयी की आखिरी कड़ी भी आज टूट गई। इस माला के नागार्जुन व केदारनाथ को पहले ही काल हिंदी प्रेमियों से छीन चुका है। हिंदी के प्रगतिशील कवि शास्त्री ने रविवार शाम अपने आवास पर आखिरी सांस ली। वह 90 वर्ष के थे। उनके परिवार में दो बेटे हैं और उनकी पत्नी का स्वर्गवास कई वर्ष पहले हो गया था। उनके निधन पर समस्त बुद्धिजीवी वर्ग शोक में डूब गया है। कई नामी लेखकों व कवियों ने उनके निधन को साहित्य जगत की अपूरणीय क्षति बताया।
शास्त्री के छोटे पुत्र व पेशे से पत्रकार अमित प्रकाश ने बताया कि उन्होंने गाजियाबाद के वैशाली स्थित निवास पर शाम साढे़ चार बजे अंतिम सांस ली। वह कई महीने से बीमार चल रहे थे। प्रकाश ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार सोमवार दोपहर 12 बजे दिल्ली के निगम बोध घाट पर किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के कठघरा चिरानी पट्टी में जगरदेव सिंह के घर 20 अगस्त 1917 को जन्मे त्रिलोचन शास्त्री का मूल नाम वासुदेव सिंह था। उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय से एमए अंग्रेजी की एवं लाहौर से संस्कृत में शास्त्री की डिग्री प्राप्त की थी।
उत्तर प्रदेश के छोटे से गांव से बनारस विश्वविद्यालय तक अपने सफर में उन्होंने दर्जनों पुस्तकें लिखीं और हिंदी साहित्य को समृद्ध किया। शास्त्री बाजारवाद के धुर विरोधी थे। हालांकि उन्होंने हिंदी में प्रयोगधर्मिता का समर्थन किया। उनका कहना था, भाषा में जितने प्रयोग होंगे वह उतनी ही समृद्ध होगी। शास्त्री ने हमेशा ही नवसृजन को बढ़ावा दिया। वह नए लेखकों के लिए उत्प्रेरक थे।
त्रिलोचन शास्त्री को 1989-90 में हिंदी अकादमी ने शलाका सम्मान से सम्मानित किया था। हिंदी साहित्य में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हे 'शास्त्री' और 'साहित्य रत्न' जैसे उपाधियों से सम्मानित किया जा चुका है। हिंदी के अतिरिक्त वे अरबी और फारसी भाषाओं के निष्णात ज्ञाता माने जाते थे। पत्रकारिता के क्षेत्र में भी वे खासे सक्रिय रहे है। उन्होंने प्रभाकर, वानर, हंस, आज, समाज जैसी पत्र-पत्रिकाओं का संपादन किया।
त्रिलोचन शास्त्री 1995 से 2001 तक जन संस्कृति मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रहे। इसके अलावा वाराणसी के ज्ञानमंडल प्रकाशन संस्था में भी काम करते रहे और हिंदी व उर्दू के कई शब्दकोषों की योजना से भी जुडे़ रहे। उनका पहला कविता संग्रह धरती 1945 में प्रकाशित हुआ था। गुलाब और बुलबुल, उस जनपथ का कवि हूं और ताप के तापे हुए दिन उनके चर्चित कविता संग्रह थे। दिगंत और धरती जैसी रचनाओं को कलमबद्ध करने वाले शास्त्री को 1982 में ताप के तापे हुए दिन के लिए साहित्य अकादमी का पुरस्कार भी मिला था। उनके 17 कविता संग्रह प्रकाशित हुए। उनका नवीनतम कविता संग्रह जीने की कला पिछले साल प्रकाशित हुआ। उनका कहानी संग्रह देशकाल भी चर्चित रहा।
जनवादी लेखक संघ, प्रगतिशील लेखक संघ और जन संस्कृति मंच ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। नामवर सिंह, केदारनाथ सिंह, अशोक वाजपेयी, विश्वनाथ त्रिपाठी, कमला प्रसाद समेत कई लेखकों और कवियों ने शास्त्री के निधन को हिंदी की प्रगतिशील और जनपदीय चेतना की कविता के लिए बड़ी क्षति बताया है। उनके निधन से एक युग का अंत हो गया है। शास्त्री की कविता में परंपरा और आधुनिकता का गहरा मेल था तथा उनके व्यक्तित्व में फकीराना अंदाज था।
जन संस्कृति मंच ने अपने पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व जनता के सुख-दुख के गायक वरिष्ठ कवि शास्त्री के निधन को साहित्य जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया। मंच की संयोजक भाषा सिंह ने कहा कि वे जनता के धीरज और ताकत, साधारण और विशिष्टता के असाधारण कवि थे। उन्होंने कहा कि साधारण जन की संस्कृति को अपनी रचना का स्त्रोत बनाने में उनकी रचनाशीलता अद्वितीय रही। उन्होंने कहा कि त्रिलोचन, नागार्जुन और केदारनाथ की त्रयी इसी रूप में हिंदी साहित्य को जन आयाम देते रही।
1945 में धरती कविता संग्रह में प्रकाशित - चम्पा काले अक्षर नहीं चीन्हती - में त्रिलोचन शास्त्री ने अपनी भावनाएं कुछ ऐसे व्यक्त की:-

चम्पा काले अक्षर नहीं चीन्हती
मैं जब पढ़ने लगता हूं वह आ जाती है
खड़ी खड़ी चुपचाप सुना करती है
उसे बड़ा अचरज होता है:
इन काले चिन्हों से कैसे ये सब स्वर
निकला करते हैं।
चम्पा सुंदर की लड़की है
सुंदर ग्वाला है : गाय भैंसे रखता है
चम्पा चौपायों को लेकर
चरवाही करने जाती है।
चम्पा अच्छी है
चंचल है
न ट ख ट भी है
कभी कभी ऊधम करती है
कभी कभी वह कलम चुरा देती है
जैसे तैसे उसे ढूंढ कर जब लाता हूं
पाता हूं-अब कागज गायब है
परेशान फिर हो जाता हूं।
चम्पा कहती है :
तुम कागद ही गोदा करते हो दिन भर
क्या यह काम बहुत अच्छा है
यह सुनकर मैं हंस देता हूं
फिर चम्पा चुप हो जाती है
उस दिन चम्पा आई, मैंने कहा कि
चम्पा, तुम भी पढ़ लो
हारे गाढ़े काम सरेगा
गांधी बाबा की इच्छा है-
सब जन पढ़ना लिखना सीखें
चम्पा ने यह कहा कि
मैं तो नहीं पढ़ूंगी
तुम तो कहते थे गांधी बाबा अच्छे हैं
वे पढ़ने लिखने की कैसे बात कहेंगे
मैं तो नहीं पढ़ूंगी
मैंने कहा चम्पा, पढ़ लेना अच्छा है
ब्याह तुम्हारा होगा, तुम गौने जाओगी,
कुछ दिन बालम संग साथ रह चला जाएगा जब कलकत्ता
बड़ी दूर है वह कलकत्ता
कैसे उसे संदेसा दोगी
कैसे उसके पत्र पढ़ोगी
चम्पा पढ़ लेना अच्छा है!
चम्पा बोली : तुम कितने झूठे हो, देखा,
हाय राम, तुम पढ़-लिख कर इतने झूठे हो
मैं तो ब्याह कभी न करुंगी
और कहीं जो ब्याह हो गया
तो मैं अपने बालम को संग साथ रखूंगी
कलकत्ता में कभी न जाने दुंगी
कलकत्ता पर बजर गिरे।

(दैनिक जागरण हिंदी दैनिक से साभार)

Friday, 7 December 2007

कामरेड बुद्धदेव का अब राम से युद्ध !





तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम करुणानिधि और लालू प्रसाद यादव के बाद अब पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य ने भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाकर राम के अस्तित्व और रामसेतु विवाद को हवा देने की कोशिश की है। नंदीग्राम मुद्दे पर संकट का सामना कर रहे पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य ने भगवान राम के अस्तित्व पर प्रश्नचिन्ह खड़ा कर दिया है। बुद्धदेव ने बाबरी मस्जिद विध्वंस की 15वीं बरसी पर गुरुवार को एक बैठक के दौरान कहा कि राम केवल साहित्यकारों के दिमाग की उपज हैं और रामसेतु समुद्र में बनी एक प्राकृतिक संरचना है। उन्होंने कहा कि संघ परिवार द्वारा सेतु समुद्रम परियोजना का विरोध महज धार्मिक आधार पर किया जा रहा है, लेकिन क्षेत्र के आर्थिक विकास के लिए यह परियोजना महत्वपूर्ण है।
बुद्धदेव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के पश्चिम बंगाल इकाई के महासचिव राहुल सिन्हा ने शुक्रवार को कहा कि उनका यह बयान नंदीग्राम घटना के बाद मुस्लिम वोट बैंक को संतुष्ट करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि भगवान राम आस्था के प्रतीक हैं और कम्युनिस्ट हमेशा से ईश्वर का विरोध करते रहे हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम करुणानिधि ने भी भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाया था। करुणानिधि के बयान पर हिंदूवादी संगठनों ने सख्त ऐतराज जताया था। करुणानिधि ने अपने बयान में राम को पियक्कड़ भी कहा था।
अब नंदीग्राम में राजनीतिक युद्ध् जीत चुके कामरेड शूरमा व पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बुद्धदेव से कोई यह सवाल पूछे कि क्या वे साक्ष्यों तथ्यों को वे नहीं मानते। क्या भारतवर्ष का पूरा इतिहास जो साक्ष्यों तथ्यों के विश्लेषण पर आधारित है, वह भी आपको झूठा लगता है। अगर मनुष्य ही थे राम और किसी कौम के महापुरुष व पूज्य हो गए तो उनसे आपको क्यों डर लगने लगा है। अगर आप प्रगतिशील कामरेड ही हैं तो क्या ऐसी ही टिप्पणी किसी और मजहब के पूज्य के खिलाफ कर सकते हैं। अगर यह बहादुरी और प्रगतिशीलता दिखानी ही थी तो फिर तस्लीमा को बंगाल से भगाकर केंद्र और कांग्रेस के माथे क्यों मढ़ दिया। जवाब भी स्पष्ट है कि वोट की खातिर ऐसा करना पड़ रहा है।
नंदीग्राम में माकपा कैडरों ने किया उससे पश्चिम बंगाल समेत देश भर के मुसलमान धर्मनिरपेक्ष माकपा के इस तांडव से आहत और बेहद नाराज हैं। सच्चाई यह है कि बंगाल में मुसलमान सबसे सुरक्षित महसूस करते थे मगर सालभर से
औद्योगिकीकरण के प्रयासों में उलझी माकपा ने कई ऐसी गलतियां की हैं जिससे माकपा से मुसलमानों की आस्था डिग गई
है। राजनीति के स्तर पर माकपा के लिए यह खतरनाक संकेत हैं क्यों कि मुसलमानों के एकतरफा माकपा को वोट मिलते रहें हैं। अब मुसलमानों के वोट विभाजन या न मिलने से वाममोर्चा सरकार को कम से कम फौरन पंचायत चुनावों में काफी नुकसान हो सकता है।
अब बुद्ददेव को बाबरी मस्जिद ढहाए जाने की १५वीं बरसी पर मुसलमानों को लुभाने और मुसलमानों को भरोसा दिलाने
का बेहतर मौका मिला। यानी देश, संस्कृति या मजहब सबकुछ कुर्बान कर दी सत्ता के लिए। फिर वही सवाल उठ खड़ा होता है कि क्या हिंदूओं को भी मुसलमानों के हद तक कट्टर बनाना चाहते ये तथाकथित धर्म निरपेक्ष नेता। अभी तो एक मोदी आपने पैदा किया है। क्या वोट की खातिर बारबार आस्था को लहुलुहान करके देश को भष्म कर देना चाहते हैं। या फिर ऐसा करके आप किस समाज का निर्माण करना चाहते हैं। अभी भारत का एक भी कम्युनिष्ट मुसलमान, ईसाई नहीं है जो आप लोगों की तरह पैगम्बर और ईसा पर कीचड उछालता हो। तो भी आप हिंदू प्रगतिशील को यह क्यों नहीं समझ में आता कि आम लोगों की आस्था को चोट पहुंचाकर सत्ता हासिल करने का खेल न तो आप के लिए और न तो देश के लिए अच्छा होगा। अगर ऐसा नहीं हुआ तो आप जैसे लोग ही देश में हिंदू कट्टरवाद को उग्र होने के लिए जिम्मेदार होंगे। अगर हिंदू समर्थक मोदी निंदनीय है तो आप छद्म प्रगतिशील भी असह्य हैं।

राम पौराणिक ही नहीं ऐतिहासिक भी

मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम की ऐतिहासिकता को चुनौती देनेवालों को चुनौती देता एक शोध सामने आया है , जो सिद्ध करता है कि राम पौराणिक नहीं, बल्कि एक ऐतिहासिक व्यक्तित्व थे। उनका जन्म 5114 ईसापूर्व 10 जनवरी को हुआ था। इस तरह अगली 10 जनवरी को राम के जन्म के 7122 साल पूरे हो जाएंगे। हालांकि तुलसीदास के रामचरित मानस और रामायण समेत कुछ और साहित्यिक साक्ष्यों को मानें तो नवमी के दिन राम पैदा पुए थे।
श्री राम के बारे में यह शोध चेन्नई की एक गैरसरकारी संस्था भारत ज्ञान द्वारा पिछले छह वर्षो में किया गया है। मुंबई में अनेक वैज्ञानिकों, विद्वानों, व्यवसाय जगत की हस्तियों के सामने इस शोध से संबंधित तथ्यों पर प्रकाश डालते हुए इसके संस्थापक ट्रस्टी डीके हरी ने एक समारोह में बताया कि इस शोध में वाल्मीकि रामायण को मूल आधार मानते हुए अनेक वैज्ञानिक, ऐतिहासिक, भौगोलिक, ज्योतिषीय और पुरातात्विक तथ्यों की मदद ली गई है। जिनके आधार पर कहा जा सकता है कि राम हमारे गौरवशाली इतिहास का ही एक अंग थे। इस समारोह का आयोजन भारत ज्ञान ने आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर की संस्था आर्ट आफ लिविंग के साथ मिलकर किया था।
शोध से संबंधित प्रस्तुतिकरण के बाद इसका सीडी एवं वेबसाइट लांच करते हुए श्री श्री रविशंकर ने कहा कि हमारे देश को ऐसे वैज्ञानिक शोधों की आवश्यकता है , जो सिलसिलेवार तथ्यों पर आधारित हों और हमारी हमारी प्राचीन परंपराओं का खुलासा करते हों। लोगों से ऐसे शोधों को प्रोत्साहन देने की अपील करते हुए श्री श्री रविशंकर ने कहा कि हमें ऐसे तथ्यों के आधार पर दूसरों के सामने अपनी बात रखनी चाहिए। अन्यथा लोग हमारे इतिहास को पौराणिक कहानियां ही बताते रहेंगे। गौरतलब है कि कुछ वर्ष पूर्व वाराणसी स्थित श्रीमद् आद्यजगद्गुरु शंकराचार्य शोध संस्थान के संस्थापक स्वामी ज्ञानानंद सरस्वती ने भी अनेक संस्कृत ग्रंथों के आधार पर राम और कृष्ण की ऐतिहासिकता को स्थापित करने का दावा किया था।
श्री श्री रविशंकर के अनुसार ऐसे शोधों में और ज्यादा वैज्ञानिकों को हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे शोधों परखुलकर बहस होनी चाहिए। क्योंकि बिना बहस के इनके परिणामों को स्थापित नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि मैं वैज्ञानिकों को ऐसे शोधों पर अधिक से अधिक सवाल पूछने के लिए प्रोत्साहित करूंगा। लेकिन उन्हें अपनी शुरुआत 'मैं किसी बात से सहमत नहीं हूं' से नहीं करनी चाहिए। खुले दिमाग से बहस में हिस्सा लेकर ही किसी तथ्य की सच्चाई तक पहुंचा जा सकता है।

Thursday, 6 December 2007

बाबरी मस्जिद का तमाशा !






संसद में हर साल की तरह इस बार भी बाबरी मस्जिद का मुद्दा उठाने का तमाशा हुआ। बाबरी मस्जिद विध्वंस की 15 वीं बरसी के दिन ६ दिसंबर २००७ को संसद के दोनों सदनों में जबर्दस्त हंगामा हुआ। इस मुद्दे पर लोकसभा की दो बार के स्थगन के बाद कल तक के लिए स्थगित कर दी गयी जबकि राज्यसभा में भोजनावकाश के बाद सामान्य रूप से कामकाज हुआ।
अयोध्या में छह दिसंबर 1992 को विवादास्पद ढांचा गिराये जाने के बाद से ही संसद में हर साल इस दिन यह मामला उठाये जाने की परिपाटी बन गयी है और सदस्य अपने अपने दृष्टिकोण से इसके पक्ष और विपक्ष में राय जाहिर करते हैं। दो बार के स्थगन के बाद लोकसभा में भोजनावकाश के उपरांत जब बैठक शुरू हुई तो सपा के सदस्य बाबरी मुद्दे को लेकर अध्यक्ष के आसन के सामने आ गये जबकि केंद्र सरकार में शामिल राजद के सदस्य लिब्रहान आयोग की रिपोर्ट सदन में पेश करने की मांग को लेकर अपनी सीटें छोड़कर आगे आ गये। दूसरी
ओर भाजपा और शिवसेना के सदस्य राम मंदिर निर्माण के पक्ष में नारे बुलंद करते दिखे।
इसबीच उपाध्यक्ष चरणजीत सिंह अटलवाल ने शोर शराबे के बीच केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री रघुवंश प्रसाद सिंह
से दो विधेयक पेश करवाये और सशस्त्र बल अधिकरण विधेयक 2007 बिना चर्चा पारित करा दिया।
इससे पहले हंगामें के बीच संसदीय कार्यमंत्री प्रियरंजन दासमुंशी ने कहा कि ज्यादातर सदस्य सशस्त्र बल अधिकरण विधेयक को बिना चर्चा पारित कराये जाने के पक्ष में हैं अत. इसे पारित करा दिया जाये।इसी दौरान शिवसेना के अनंत गीते दिल्ली के जंतर मंतर पर राम मंदिर निर्माण के समर्थन में धरना दे रहे शिवसैनिकों
पर हमले का मुद्दा उठाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से धरना दे रहे शिवसैनिकों पर गुंडों
ने तलवारों और पत्थरों से हमला किया।गीते ने सरकार को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश
करते हुए पूछा कि दिल्ली में आतंकवादियों के घुसने की सूचना है और हाई अलर्ट घोषित है ऐसे में वहां
तलवारें कहां से आ गयीं।
सदन में शोरशराबे के बीच दासमुंशी ने कहा कि अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी के साथ सभी पार्टियों के नेताओं की बैठक
में तय हुआ था कि आंतरिक सुरक्षा पर कल अधूरी छूटी चर्चा को आज आगे कराया जायेगा। उनके इतना कहते ही सपा के सदस्य अपनी सीटों पर वापस चले गये लेकिन गीते द्वारा शिवसेना कार्यकर्ताओं पर हमले का मुद्दा उठाते ही वे फिर उत्तेजित हो गये। इस दौरान राजद सदस्य लिब्रहान आयोग की रिपोर्ट को लेकर नारेबाजी करते रहे।

१५ साल बाद गवाही

बाबरी मस्जिद ढहाने को मामले में १५ साल बाद पहले गवाह हनुमान प्रसाद की रायबरेली सीबीआई की अदालत में गवाही ली गई। हनुमान प्रसाद उत्तरप्रदेश पुलिस में सबइंसपेक्टर है। बहरहाल दो साल बाद विशेष जज वंशराज सिंह की अदालत ने आडवानी व अन्य के खिलाफ भड़काने वाले नारे लगाने का आरोप फिर मढ़ दिया। हनुमान प्रसाद ने गवाही में कहा कि उसने आडवानी व अन्य के खिलाफ एफआईआर रामजन्मभुमि थाना, अयोध्या के चौकी इंचार्ज गंगा प्रसाद तिवारी की ६ दिसंबर १९९२ की घटना की शिकायत के आधार पर दर्ज किया। इस गवाही के ाधार पर जज ने एफआईआर दर्ज किए जाने की पुष्टि कर दी। प्रसाद बाबरी मस्जिद ढहाए जाने की घटना के वक्त पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्द करने वाला मुंशिफ था। अभी गवाह से दूसरे पक्ष ने जिरह नहीं की है। अभी दूसरे गवाह सीआरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट आरके स्वामी का १६ दिसंबर को बयान दर्ज किया जाना है।
तारीखों में फंसा अयोध्या विवाद

बाबरी मस्जिद पर मालिकाना हक़ का मामला तो सौ बरस से भी अधिक पुराना है. लेकिन यह अदालत पहुँचा 1949 में. यह विवाद 23 दिसंबर 1949 को शुरू हुआ जब सवेरे बाबरी मस्जिद का दरवाज़ा खोलने पर पाया गया कि उसके भीतर हिंदुओं के आराध्य देव राम के बाल रूप की मूर्ति रखी थी. इस जगह हिंदुओं के आराध्य राम की जन्मभूमि होने का दावा करने वाले हिंदू कट्टरपंथियों ने कहा था कि "रामलला यहाँ प्रकट हुए हैं." लेकिन मुसलमानों का आरोप है कि रात में किसी ने चुपचाप बाबरी मस्जिद में घुसकर ये मूर्ति वहां रख दी थी. मुसलमानों का कहना है कि ऐसे कोई सबूत नहीं हैं कि वहाँ कभी मंदिर था.

सरकारी रिपोर्ट

9 अगस्त 1991 को भारतीय संसद में पेश की गई जानकारी के अनुसार फ़ैज़ाबाद के तत्कालीन ज़िलाधिकारी केके नैयर ने घटना की जो रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजी थी उसमें लिखा था, "रात में जब मस्जिद में कोई नहीं था तब कुछ हिंदुओं ने बाबरी मस्जिद में घुसकर वहाँ एक मूर्ति रख दी." अगले दिन वहां हज़ारों लोगों की भीड़ जमा हो गई और पाँच जनवरी 1950 को जिलाधिकारी ने सांप्रदायिक तनाव की आशंका से बाबरी मस्जिद को विवादित इमारत घोषित कर दिया और उस पर ताला लगाकर इसे सरकारी कब्ज़े में ले लिया. 16 जनवरी 1950 को गोपाल सिंह विशारद ने फैज़ाबाद की ज़िला अदालत में अर्ज़ी दी कि हिंदुओं को उनके भगवान के दर्शन और पूजा का अधिकार दिया जाए. दिगंबर अखाड़ा के महंत और इस वक्त राम जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष परमहंस रामचंद्र दास ने भी ऐसी ही एक अर्ज़ी दी.

पूजा

19 जनवरी 1950 को फ़ैजाबाद के सिविल जज ने इन दोनों अर्ज़ियों पर एक साथ सुनवाई की और मूर्तियां हटाने की कोशिशों पर रोक लगाने के साथ साथ इन मूर्तियों के रखरखाव और हिंदुओं को बंद दरवाज़े के बाहर से ही इन मूर्तियों के दर्शन करने की इजाज़त दे दी. साथ ही, अदालत ने मुसलमानों पर पाबंदी लगा दी कि वे इस 'विवादित मस्जिद' के तीन सौ मीटर के दायरे में न आएँ. उमेश चंद्र पांडे की एक याचिका पर फ़ैज़ाबाद के ज़िला जज के एम पांडे ने एक फ़रवरी 1986 को विवादित मस्जिद के ताले खोलने का आदेश दिया और हिंदुओं को उसके भीतर जाकर पूजा करने की इजाज़त दे दी. 11 नवंबर 1986 को विश्व हिंदू परिषद ने विवादित मस्जिद के पास की ज़मीन पर गड्ढे खोदकर शिला पूजन किया. 1987 में उत्तर प्रदेश सरकार ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय की लखनऊ पीठ में एक याचिका दायर की कि विवादित मस्जिद के मालिकाना हक़ के लिए ज़िला अदालत में चल रहे चार अलग अलग मुक़दमों को एक साथ जोड़कर उच्च न्यायालय में उनकी एक साथ सुनवाई की जाए. इस अर्ज़ी पर विचार चल ही रहा था कि 1989 में अयोध्या की ज़िला अदालत में एक याचिका दायर कर मांग की गई कि विवादित मस्जिद को मंदिर घोषित किया जाए. उच्च न्यायालय ने पाँचों मुक़दमों को साथ जोड़कर तीन जजों की एक बेंच को सौंप दिया. इसके बाद 10 नवंबर 1989 को अयोध्या में मंदिर का शिलान्यास हुआ लेकिन अगले ही दिन फ़ैज़ाबाद के ज़िलाधीश ने आगे निर्माण पर रोक लगा दी.
1993 में उत्तर प्रदेश की तत्कालीन भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने विवादित स्थल के आसपास की 67 एकड़ ज़मीन को सरकारी क़ब्ज़े में लेकर उसे विश्व हिंदू परिषद को सौंप दिया था. सरकार ने उस समय कहा था कि इस पूरी ज़मीन पर पर्यटन के लिए एक रामकथा पार्क विकसित किया जाएगा जिसकी ज़िम्मेदारी विश्व हिंदू परिषद को सौंपी गई थी. 1994 में सर्वोच्च न्यायालय ने इस फ़ैसले को निरस्त कर सरकार को आदेश दिया था कि अयोध्या में विवादित ढांचे के आसपास की यह ज़मीन दोबारा अधिगृहीत की जाए और उस पर तब तक यथास्थिति बनाकर रखी जाए जब तक अदालत विवादित ढांचे की ज़मीन के मालिकाना हक़ का फ़ैसला न कर दे.सर्वोच्च न्यायालय ने उस वक्त कहा था कि मालिकाना हक का फ़ैसला होने से पहले इस ज़मीन के अविवादित हिस्सों को भी किसी एक समुदाय को सौंपना "धर्मनिरपेक्षता की भावना" के अनुकूल नहीं होगा.

मस्जिद ध्वस्त

6 दिसंबर 1992 को भारतीय जनता पार्टी, शिवसेना, विश्वहिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बाबरी मस्जिद को ध्वस्त कर दिया. बाबरी मस्जिद ढहाए जाने के बारे में दो अलग-अलग मामलों की सुनवाई लखनऊ और रायबरेली में दो विशेष अदालतों में चल रही है.पहले इस मामले में आडवाणी सहित 49 लोगों के ख़िलाफ़ लखनऊ में मुकदमा चल रहा था. लेकिन उच्च न्यायालय ने आठ शीर्ष हिंदू राष्ट्रवादी नेताओं से संबंधित मामले को अलग कर दिया. इसके बाद से इन आठ नेताओं के मामले की सुनवाई रायबरेली में हो रही है. रायबरेली की अदालत में चल रहा मुक़दमा मुख्यरुप से मस्जिद गिराने के षडयंत्र का मुक़दमा है. मई 2003 को सीबीआई ने बाबरी मस्जिद गिराए जाने के मामले में भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, उमा भारती, साध्वी रितम्भरा, विष्णु हरि डालमिया, अशोक सिंघल और गिरिराज़ किशोर सहित आठ लोगों के ख़िलाफ़ पूरक आरोप पत्र दाखिल किए.
2003 में रायबरेली की अदालत ने आडवाणी को सभी आरोपों से बरी कर दिया था. लेकिन अदालत के इस फ़ैसले के ख़िलाफ़ मुस्लिम समुदाय के लोगों ने इलाहाबाद हाई कोर्ट का दरवाज़ा खटखटाया. हाईकोर्ट ने अपील स्वीकार करते हुए 6 जुलाई 2003 को आडवाणी और अन्य नेताओं के ख़िलाफ़ मुक़दमा फिर से शुरू करने का आदेश दिया. इसके बाद सुप्रीम कोर्ट में एक और याचिका असलम भूरे ने दाखिल की थी कि जब बाबरी मस्जिद का मामला लखनऊ की अदालत में चल रहा है तो रायबरेली वाले मामले भी वहीं स्थानांतरित कर दिए जाएँ. लेकिन 22 मार्च 2007 को सुप्रीम कोर्ट ने अपने फ़ैसले में कहा है कि मुक़दमा रायबरेली की अदालत में ही चलेगा.

लिब्रहान आयोग

इन मुक़दमों के अलावा बाबरी मस्जिद गिराए जाने को लेकर एक आयोग भी जाँच कर रहा है.इस आयोग का गठन बाबरी मस्जिद गिराए जाने के बाद 16 दिसंबर 1992 को किया गया था. कहा गया था कि यह आयोग तीन महीने के भीतर अपनी रिपोर्ट दे देगा. लेकिन आयोग का कार्यकाल बढ़ता रहा और 15 वर्ष बीत जाने के बाद भी इसकी रिपोर्ट नहीं आई है. हालांकि जून 2006 ने आयोग ने अपनी सुनवाई पूरी कर ली है. आयोग ने पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिंह राव, पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्रियों कल्याण सिंह और मुलायम सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री मुरली मनोहर जोशी सहित बहुत से नेताओं के बयान दर्ज किए हैं.
1528: अयोध्या में एक ऐसे नगर में एक मस्जिद का निर्माण किया गया जिसे कुछ हिंदू अपने आराध्य देवता राम का जन्म स्थान मानते हैं. समझा जाता है कि मुग़ल सम्राट बाबर ने यह मस्जिद बनवाई थी जिस कारण इसे बाबरी मस्जिद के नाम से जाना जाता था.
1853: पहली बार इस स्थल के पास सांप्रदायिक दंगे हुए.
1859: ब्रितानी शासकों ने विवादित स्थल पर बाड़ लगा दी और परिसर के भीतरी हिस्से में मुसलमानों को और बाहरी हिस्से में हिंदुओं को प्रार्थना करने की अनुमति दे दी.
1949: भगवान राम की मूर्तियां मस्जिद में पाई गयीं. कथित रुप से कुछ हिंदूओं ने ये मूर्तियां वहां रखवाईं थीं. मुसलमानों ने इस पर विरोध व्यक्त किया और दोनों पक्षों ने अदालत में मुकदमा दायर कर दिया. सरकार ने इस स्थल को विवादित घोषित करके ताला लगा दिया.
1984: कुछ हिंदुओं ने विश्व हिंदू परिषद के नेतृत्व में भगवान राम के जन्म स्थल को "मुक्त" करने और वहाँ राम मंदिर का निर्माण करने के लिए एक समिति का गठन किया. बाद में इस अभियान का नेतृत्व भारतीय जनता पार्टी के एक प्रमुख नेता लालकृष्ण आडवाणी ने संभाल लिया.
1986: ज़िला मजिस्ट्रेट ने हिंदुओं को प्रार्थना करने के लिए विवादित मस्जिद के दरवाज़े पर से ताला खोलने का आदेश दिया. मुसलमानों ने इसके विरोध में बाबरी मस्जिद संघर्ष समिति का गठन किया.
1989: विश्व हिंदू परिषद ने राम मंदिर निर्माण के लिए अभियान तेज़ किया और विवादित स्थल के नज़दीक राम मंदिर की नींव रखी.
1990: विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने बाबरी मस्जिद को कुछ नुक़सान पहुँचाया. तत्कालीन प्रधानमंत्री चंद्रशेखर ने वार्ता के ज़रिए विवाद सुलझाने के प्रयास किए मगर अगले वर्ष वार्ताएँ विफल हो गईं.
1992: विश्व हिंदू परिषद, शिव सेना और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने 6 दिसंबर को बाबरी मस्जिद को ध्वस्त कर दिया. इसके परिणामस्वरूप देश भर में हिंदू और मुसलमानों के बीच सांप्रदायिक दंगे भड़क उठे जिसमें 2000 से ज़्यादा लोग मारे गए.
जनवरी 2002: अयोध्या विवाद सुलझाने के लिए प्रधानमंत्री वाजपेयी ने अयोध्या समिति का गठन किया. वरिष्ठ अधिकारी शत्रुघ्न सिंह को हिंदू और मुसलमान नेताओं के साथ बातचीत के लिए नियुक्त किया गया.
फ़रवरी 2002: भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए अपने घोषणापत्र में राम मंदिर निर्माण के मुद्दे को शामिल करने से इनकार कर दिया. विश्व हिंदू परिषद ने 15 मार्च से राम मंदिर निर्माण कार्य शुरु करने की घोषणा कर दी. सैकड़ों हिंदू कार्यकर्ता अयोध्या में इकठ्ठा हुए. अयोध्या से लौट रहे हिंदू कार्यकर्ता जिस रेलगाड़ी में यात्रा कर रहे थे उस पर गोधरा में हुए हमले में 58 कार्यकर्ता मारे गए.
15 मार्च, 2002: विश्व हिंदू परिषद और केंद्र सरकार के बीच इस बात को लेकर समझौता हुआ कि विहिप के नेता सरकार को मंदिर परिसर से बाहर शिलाएं सौंपेंगे. रामजन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत परमहंस रामचंद्र दास और विहिप के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक सिंघल के नेतृत्व में लगभग आठ सौ कार्यकर्ताओं ने सरकारी अधिकारी को अखाड़े में शिलाएं सौंपीं.
22 जून, 2002: विश्व हिंदू परिषद ने मंदिर निर्माण के लिए विवादित भूमि के हस्तांतरण की माँग उठाई.
जनवरी 2003: रेडियो तरंगों के ज़रिए ये पता लगाने की कोशिश की गई कि क्या विवादित राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद परिसर के नीचे किसी प्राचीन इमारत के अवशेष दबे हैं, कोई पक्का निष्कर्ष नहीं निकला.
मार्च 2003: केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट से विवादित स्थल पर पूजापाठ की अनुमति देने का अनुरोध किया जिसे ठुकरा दिया गया.
अप्रैल 2003: इलाहाबाद हाइकोर्ट के निर्देश पर पुरातात्विक सर्वेक्षण विभाग ने विवादित स्थल की खुदाई शुरू की, जून महीने तक खुदाई चलने के बाद आई रिपोर्ट में कोई ठोस निष्कर्ष नहीं निकला.
मई 2003: सीबीआई ने 1992 में अयोध्या में बाबरी मस्जिद गिराए जाने के मामले में उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी सहित आठ लोगों के ख़िलाफ पूरक आरोपपत्र दाखिल किए.
जून 2003: काँची पीठ के शंकराचार्य जयेंद्र सरस्वती ने मामले को सुलझाने के लिए मध्यस्थता की और उम्मीद जताई कि जुलाई तक अयोध्या मुद्दे का हल निश्चित रूप से निकाल लिया जाएगा, लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ.
अगस्त 2003: भाजपा नेता और उप प्रधानमंत्री ने विहिप के इस अनुरोध को ठुकराया कि राम मंदिर बनाने के लिए विशेष विधेयक लाया जाए.
अप्रैल 2004: आडवाणी ने अयोध्या में अस्थायी राममंदिर में पूजा की और कहा कि मंदिर का निर्माण ज़रूर किया जाएगा.
जुलाई 2004: शिव सेना प्रमुख बाल ठाकरे ने सुझाव दिया कि अयोध्या में विवादित स्थल पर मंगल पांडे के नाम पर कोई राष्ट्रीय स्मारक बना दिया जाए.
जनवरी 2005: लालकृष्ण आडवाणी को अयोध्या में छह दिसंबर 1992 को बाबरी मस्जिद के विध्वंस में उनकी कथित भूमिका के मामले में अदालत में तलब किया गया.
जुलाई 2005: पाँच हथियारबंद चरमपंथियों ने विवादित परिसर पर हमला किया जिसमें पाँचों चरमपंथियों सहित छह लोग मारे गए, हमलावर बाहरी सुरक्षा घेरे के नज़दीक ही मार डाले गए.
06 जुलाई 2005 : इलाहाबाद हाई कोर्ट ने बाबरी मस्जिद गिराए जाने के दौरान 'भड़काऊ भाषण' देने के मामले में लालकृष्ण आडवाणी को भी शामिल करने का आदेश दिया. इससे पहले उन्हें बरी कर दिया गया था.
28 जुलाई 2005 : लालकृष्ण आडवाणी 1992 में बाबरी मस्जिद विध्वंस मामले में गुरूवार को रायबरेली की एक अदालत में पेश हुए. अदालत ने लालकृष्ण आडवाणी के ख़िलाफ़ आरोप तय किए.
04 अगस्त 2005: फ़ैजाबाद की अदालत ने अयोध्या के विवादित परिसर के पास हुए हमले में कथित रूप से शामिल चार लोगों को न्यायिक हिरासत में भेजा.
20 अप्रैल 2006 : कांग्रेस के नेतृत्ववाली यूपीए सरकार ने लिब्रहान आयोग के समक्ष लिखित बयान में आरोप लगाया कि बाबरी मस्जिद को ढहाया जाना सुनियोजित षड्यंत्र का हिस्सा था और इसमें भाजपा, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, बजरंग दल और शिव सेना की 'मिलीभगत' थी.
जुलाई 2006 : सरकार ने अयोध्या में विवादित स्थल पर बने अस्थाई राम मंदिर की सुरक्षा के लिए बुलेटप्रूफ़ काँच का घेरा बनाए जाने का प्रस्ताव किया. इस प्रस्ताव का मुस्लिम समुदाय ने विरोध किया और कहा कि यह अदालत के उस आदेश के ख़िलाफ़ है जिसमें यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए गए थे.
19 मार्च 2007 : कांग्रेस सांसद राहुल गाँधी ने चुनावी दौरे के बीच कहा कि अगर नेहरू-गाँधी परिवार का कोई सदस्य प्रधानमंत्री होता तो बाबरी मस्जिद न गिरी होती. उनके इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया हुई.
और अब १५ साल बाद गवाही के साथ जारी है कवायद। आखिर कब निकलेगा हल ?

Monday, 3 December 2007

प्रभाष जोशी, राजेंद्र यादव और उदयप्रकाश

प्रभाष जोशी, राजेंद्र यादव और उदयप्रकाश ने कट्टरपंथियों के चंगुल में फंसी इस दुनिया को अपने नजरिए से देखा है। तस्लीमा के आत्मसमर्पण को जनसत्ता हिंदी दैनिक के संपादक रह चुके प्रभाष जोशी शक की नजर से देखते हैं। इनका कहना है कि कट्टरपंथियों के आगे झुक गईं दो सरकारों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। चर्चित साहित्यकार राजेंद्र यादव ने निर्भीक होकर औरत जाति के बोलने पर रोक इसे माना है। वहीं साहित्यकार उदयप्रकाश ने एक लंबे अंतराल में कट्टरपंथ के आगे वीभत्स होती दुनिया का पूरा शब्दचित्र ही खींच डाला है। तीनों लेख एक ही दिन जनसत्ता में छपे हैं। नेट पर तो जनसत्ता नहीं दिखता इस लिए इस विशिष्ट सामग्री को जेपीईजी फार्म में दे रहा हूं। जिन मूल्यों की लड़ाई तस्लीमा लड़ रहीं थीं उसे आखिर क्यों इतनी आसानी से क्यों छोड़ दिया ? यह सवाल इन प्रबुद्ध विचारकों को भी उद्देलित किया। आप खुद इसका अवलोकन करें।




Saturday, 1 December 2007

तब तो बांग्लादेश भी लौट सकती हैं तस्लीमा !



बांग्लादेश की विवादास्पद लेखिका तस्लीमा नसरीन ने भी आखिर कट्टरपंथी ताकतों के आगे हथियार डाल दिए। लेखकीय अभिव्यक्ति का गला घोटकर समझौता किया और बदले में खुद के लिए अमन मांग लिया। आखिर ऐसा करना क्यों न पड़े जब कट्टरपंथियों के आगे पश्चिम बंगाल की वामपंथी सरकार ही घबरा गई। बाकायदा कहना पड़ा कि तस्लीमा यहां से चली जाएं। राजनीति व सत्ता के नफा नुकसान के आगे सभी को झुकना पड़ा। सबसे पहले उस लेखिका के बयान को देखा जाए जिसे उसने तब जारी नहीं किया जब उसे जान का सबसे बड़ा खतरा था। यानी १९९३ का वह दिन जब लज्जा छपी थी और बांग्लादेश में कट्टरपंथियों ने उनके खिलाफ मौत का फतवा जारी किया था। तसलीमा भागकर भारत आईँ और दृढ़ता के साथ कट्टरवादियों का मुकाबला किया जिसके एवज में उन्हें भारत भी छोड़ना पड़ा। मगर तब उन्हें ऐसा कुछ नहीं लगा कि अपने उपन्यासों में उन्होंने जो कुछ लिखा है उससे किसी की धार्मिक भावना को या व्यक्तिगत तौर पर चोट पहुंचाई है। तब और अब में फर्क सिर्फ इतना है कि अब उनको संरक्षण दे रही केंद्र व बंगाल की वाममोर्चा सरकारें भी उन कट्टरपंथियों के आगे झुक गईं हैं जिन पर उनकी रक्षा की जिम्मेदारी है। शायद इसी भयादोहन का नतीजा है कि तस्लीमा ने भी हथियार डाल दिए हैं। जबकि इसी वाममोर्चा की बुद्धदेव सरकार ने पश्चिम बंगाल की एक अदालत ने गुरुवार, 22 सितंबर, 2005 को बांग्लादेशी लेखिका तस्लीमा नसरीन की आत्मकथा 'द्विखंडिता' पर लगा प्रतिबंध हटा दिया .राज्य सरकार ने इस आत्मकथा पर यह कहते हुए प्रतिबंध लगा दिया था कि इससे अल्पसंख्यक मुस्लिम समुदाय की भावनाएँ आहत होती हैं. तस्लीमा नसरीन ने अदालत के इस फ़ैसले पर प्रसन्नता प्रकट करते हुए कहा, "यह सिर्फ़ मेरी जीत नहीं है बल्कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की जीत है."तस्लीमा नसरीन ने कहा कि उन्हें विश्वास हो गया है कि "भारत में क़ानून का राज है."

आइए पहले तस्लीमा के अपने ही सिद्धांतों से पीछे हटने की कहानी उनके ही लब्जों में देखें जिसे किसी गुप्त स्थान से जारी किया है। प्रेस को जारी बयान इस प्रकार है-------

कोलकाता, Nov 30 2007। जगह-जगह भटकने के बाद बांग्लादेश की विवादास्पद लेखिका तसलीमा नसरीन ने अपनी आत्मकथा द्विखंडितो के विवादास्पद हिस्से को वापस लेने की घोषणा की। इस पुस्तक के कुछ अंशों को लेकर विवाद के बाद हिंसा फैल गई थी और उन्हें भारत से निकाले जाने की मांग भी होने लगी थी।
उन्होंने अज्ञात स्थान से फोन पर बताया कि मैं बांग्लादेश में वर्ष 1980 के दौरान सेना द्वारा धर्म-निरपेक्षता को तिलांजलि दिए जाने से जुड़ी स्मृति के आधार पर वर्ष 2002 में लिखी गई आत्मकथा द्विखंडितो की कुछ विवादास्पद पंक्तियों को वापस ले रही हूं। उन्होंने बताया कि यह पुस्तक मैंने उन लोगों के समर्थन में लिखी थी जिन्होंने धर्मनिरपेक्ष मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का मेरा कोई इरादा नहीं था।
तसलीमा ने कहा कि अब अगर भारत में कोई भी व्यक्ति यह दावा करता है कि इससे उनकी भावना आहत हुई हैं तो मैं उन पंक्तियों को वापस लेती हूं। गौरतलब है कि उनकी यह घोषणा संसद में विदेश मंत्री प्रणव मुखर्जी के आश्वासन के बाद आई थी, जिसमें उन्हें भारत में आश्रय देने की बात कही गई थी और तसलीमा से ऐसी टिप्पणियों से बचने को कहा गया था जिससे किसी की भावनाएं आहत होती हों। बांग्लादेशी लेखिका ने उम्मीद जाहिर की कि अब इस विषय पर कोई विवाद नहीं होगा और मैं भारत में शांतिपूर्वक रह सकूंगी। तसलीमा ने कहा कि उन्होंने इस पुस्तक के प्रकाशक पीपुल्स बुक सोसाइटी से उनके पास मौजूद प्रति को जारी नहीं करने को कहा है। उन्होंने कहा कि मैंने प्रकाशक से पुस्तक का नया संस्करण जारी करने को कहा है जिसमें वह विवादास्पद पंक्तियां न हों। उन्होंने कहा कि हम जारी की गई 30 से 40 कापियों को वापस ले लेंगे और नए संस्करण में पुस्तक के विवादस्पद तीन पन्ने नहीं होंगे।

'तीन पन्ने हटाकर बांग्लादेश'

जाने-माने पेंटर शिवप्रसन्ना ने कहा कि तस्लीमा ने समझौता किया है.उनका कहना था, "ये एक समझौता है और शरण लेने के बदले में उन्हें ऐसा करने के लिए मजबूर किया गया है. लेकिन यदि दो पन्ने हटाकर वे भारत में शरण ले सकती हैं तो वे तीन पन्ने हटाकर बांग्लादेश भी जा सकती हैं."तस्लीमा नसरीन के विरोध के बाद 1990 के दशक में उन्हें बांग्लदेश से यूरोप निर्वासित होना पड़ा था और वे पिछले तीन साल से कोलकाता में थीं. उन्हें भारत में मार्च 2008 तक रहने का वीज़ा दिया गया है.पश्चिम बंगाल के प्रमुख लेखकों ने इसका स्वागत किया है.लेखक अबुल बशर का कहना था, "ये उचित समय पर उठाया गया सही कदम है. ये कट्टरपंथियों के सामने हथियार डालने जैसा नहीं बल्कि स्थिति से निपटने के लिए एक समझौता है क्योंकि समाज के हर वर्ग के मुसलमान नाराज़ हैं."

कुछ मुस्लिम संगठन 2003 में लिखी उनकी आत्मकथा 'द्बिखंडितो' की कुछ पंक्तियों को इस्लाम के ख़िलाफ़ बताया है.पश्चिम बंगाल में इस किताब पर प्रतिबंध लगाया गया था. वहाँ मुस्लिम समुदाय की जनसंख्या लगभग 25 प्रतिशत है.हाल में तस्लीमा नसरीन की वीज़ा अवधि बढ़ाए जाने के विरोध में कोलकाता में हिंसा भड़क उठी थी जिसमें 43 लोग घायल हुए थे.इसके बाद उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें पहले जयपुर और फिर दिल्ली में एक अज्ञात स्थान पर रखा गया है.भारत सरकार ने कहा है कि वह उन्हें शरण देने और उनकी सुरक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है.


डॉक्टर से लेखिका बनीं नसरीन 1993 में अपनी पहली और सबसे विवादास्पद पुस्तक 'लज्जा' के कारण सुर्खियों में आईं थीं. इसके बाद 1999 में प्रकाशित उनकी किताब 'माई गर्लहुड' पर भी बांग्लादेश में ईशनिंदा के कारण प्रतिबंध लगाया गया. मंगलवार, 27 अगस्त, 2002 को पुलिस को आदेश दिए गए हैं कि उपन्यास 'वाइल्ड विंड' की प्रतियाँ ज़ब्त कर ली जाएँ. बांग्लादेश के गृह मंत्रालय के आदेश के अनुसार इस पुस्तक को छापना, बेचना और इसका वितरण गैरकानूनी है. पिछले एक दशक में यह तस्लीमा नसरीन की तीसरी पुस्तक है जिस पर प्रतिबंध लगा है. 'लज्जा' प्रकाशित होने के कुछ ही देर बाद तस्लीमा नसरीन को अपना देश छोड़ भागना पड़ा था
उन्हें यह इसलिए करना पड़ा क्योंकि इस्लामी कट्टरपंथियों ने उन्हें मारने पर इनाम देने की घोषणा की थी. उन पर आरोप लगाया गया था कि उन्होंने एक समाचारपत्र को दिए एक साक्षात्कार में कुरान शरीफ़ में परिवर्तन कर महिलाओं को अधिक अधिकार देने की बात कही थी. लेकिन नसरीन कहती हैं कि उन्होंने कभी कोई ऐसी बात या टिप्पणी नहीं की. देश के बाहर उन्होंने अधिकतर समय स्वीडन और फ़्रांस में गुज़ारा है.


अंतरंग संबंधों का ज़िक्र
चार सौ से ज़्यादा पन्नों की इस किताब में लेखिका के ढाका और कोलकाता के कई जाने-माने लेखकों के साथ अंतरंग संबंधों का लेखाजोखा है.पुस्तक विक्रेताओं का कहना है कि एक अख़बार में इसके श्रंखलाबद्ध होने के बाद इस किताब की भारी बिक्री हो रही थी.लेकिन इस आत्मकथा ने साहित्यिक हलक़ों में बवाल मचा दिया जब कई लेखकों ने तस्लीमा पर चरित्र-हनन का आरोप लगाया. मशहूर लेखक सैयद शम्सुल हक़ ने किताब में अपना नाम देखने के बाद मानहानि का मामला दायर कर दिया. उनकी शिकायत थी कि पुस्तक में लेखिका ने उन पर कुछ ऐसे आरोप लगाए हैं जिनको क़ानूनी कारणों से दोहराया नहीं जा सकता. अपनी याचिका में उन्होंने लेखिका के बयानों को झूठ का पुलंदा और मनगढ़ंत कहा.वह लेखिका और उनके प्रकाशक से मुआवज़े के तौर पर दस करोड़ रुपये की मांग कर रहे हैं और इस किताब पर प्रतिबंध चाहते हैं.

बीबीसी हिंदी सेवा की विशिष्ट लोगों से इस मुद्दे पर बातचीत भी अवलोकनीय है। कृपया इसे यहां जाकर पढ़ें---
http://www.bbc.co.uk/hindi/regionalnews/story/2007/11/071124_taslima_vivechna.shtml
इसके अलावा हिंदी पत्रकार पलाश विश्वाश से तस्लीमा के मामले में बंगाल सरकार की भुमिका पर लंबी बातचीत भिन्नमत डाट काम बांग्ला पोर्टलपर जारी हुआ है। यह आडियो भी है। इसे यहां देखें---------

Mr Biswas, a distinguished journalist ( He writes in Hindi and well known all over the India) gave me an interview just now from Calcutta--as a journalist he walked through the lanes of violence on that horrible day and came to conclusion there was no riot but a planned violence hatched by CPM to divert attention from Nandigram and Taslima was made a pawn to recapture minority votebank.
www.vinnomot.com
For people in South Asia, listen to this link for better audio experience
http://is.rediff.com/filemusic.php?id=72793


Biplab
Editor:
www.vinnomot.com

LinkWithin

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...