Friday, 21 December 2007

स्मृति शेष-त्रिलोचन

कल 22 दिसंबर को त्रिलोचनजी के पैतृक गांव चिरानी पट्टी में उनके भतीजे अरुण सिंह और एसपी सिंह के आग्रह पर ब्रह्मभोज का आयोजन किया गया है। यह शायद आखिरी मौका होगा जब त्रिलोचन की आत्मिक शांति के लिए उनके पैतृक गांव में कोई आयोजन होने जा रहा है। जीवनभर त्रिलोचनजी घुमक्कड़ बने रहे। अपने पैतृक गांव या परिवार के लिए उनके न पांव थमे और न ही उन्होंने किसी सामाजिक बंधनों की परवाह की। अब किसी किस्म की सामाजिक रस्म का निर्वाह गांव के पारिवारिक लोगों की इच्छा ही मानी जा सकती है क्यों कि खुद त्रिलोचन तो जीवन इन सारे व्यामोह से मुक्त रहे। शायद गांव वालों और अपने चचेरे भाई अरुण सिंह के आग्रह को त्रिलोचनजी के बेटे अमित प्रकाश सिंह नहीं टाल पाए। वे भी 22 दिसंबर को त्रिलोचनजी की तेरही के मौके पर चिरानीपट्टी के लिए रवाना हो गए हैं। इस आखिरी रस्म के मौके पर उनकी स्मृति में आइए यह भी जान लें कि कैसे थे त्रिलोचन।

स्मृति शेष- इधर त्रिलोचन सॉनेट के ही पथ पर दौड़ा..
पहली ही मुलाकात में त्रिलोचन शास्त्री से जैसी आत्मीयता हुई, उसे मैं कभी भूल नहीं सकता। कवि त्रिलोचन को तो मैं बहुत पहले से जानता था और उनकी रचनाधर्मिता का मैं कायल भी था, लेकिन व्यक्ति त्रिलोचन से मेरी मुलाकात 1991 में हुई। उनकी सहजता और विद्वत्ता ने मुझे जिस तरह प्रभावित किया, उसने उनके कवि के प्रति मेरे मन में सम्मान और बढ़ा दिया। ऐसे रचनाकार अब कहां दिखते है, जो लेखन और व्यवहार दोनों में एक जैसे ही हों! पर त्रिलोचन में यह बात थी और व्यक्तित्व की यह सहजता ही उनके रचनाकार को और बड़ा बनाती है। अंग्रेजी का मुहावरा 'लार्जर दैन लाइफ' बिलकुल सकारात्मक अर्थ में उन पर लागू होता है।

अंग्रेजी का और नकारात्मक अर्थो में इस्तेमाल किए जाने के बावजूद इस मुहावरे का सकारात्मक प्रयोग करते हुए संकोच मुझे दो कारणों से नहीं हो रहा है। पहला तो यह हिंदी के प्रति पूरी तरह समर्पित होते हुए भी त्रिलोचन को अंग्रेजी से कोई गुरेज नहीं था। अंग्रेजी का छंद सॉनेट हिंदी में त्रिलोचन का पर्याय बन गया, इससे बड़ा प्रमाण इसके लिए और क्या चाहिए? दूसरा यह कि शब्दों के साथ खेलना मैंने त्रिलोचन से ही सीखा। वह कैसे किसी शब्द को उसके रूढ़ अर्थ के तंग दायरे से निकाल कर एकदम नए अर्थ में सामने प्रस्तुत कर दें, इसका अंदाजा कोई लगा नहीं सकता था। भाषा और भाव पर उनका जैसा अधिकार था उसकी वजह उनकी सहजता और अपनी सोच के प्रति निष्ठा ही थी।

अपने छोटों के प्रति सहज स्नेह का जो निर्झर उनके व्यक्तित्व से निरंतर झरता था, वह किसी को भी भिगो देने के लिए काफी था। लेकिन मेरी और उनकी आत्मीयता का एक और कारण था। वह था सॉनेट। वैसे हिंदी में सॉनेट छंद का प्रयोग करने वाले त्रिलोचन कोई अकेले कवि नहीं है। उनके पहले जयशंकर प्रसाद, सुमित्रानंदन पंत और महाप्राण निराला भी इस छंद का प्रयोग कर चुके थे। उनके बाद जयप्रकाश बागी ने इसका प्रयोग किया। हो सकता है कि इसका प्रयोग कुछ और कवियों ने भी किया हो, पर इटैलियन मूल के इस छंद को आज हिंदी में सिर्फ त्रिलोचन के नाते ही जाना जाता है। ऐसे ही जैसे इटली में बारहवीं शताब्दी में शुरू हुए इस छंद को चौदहवीं सदी के कवि पेट्रार्क के नाते जाना जाता है।

ऐसा शायद इसलिए है कि पेट्रार्क की तरह त्रिलोचन भी ताउम्र सफर में रहे। वैसे ही जैसे यह छंद इटैलियन से अंग्रेजी, अंग्रेजी से हिंदी और फिर रूसी, जर्मन, डच, कैनेडियन, ब्राजीलियन, फ्रेंच, पोलिश, पुर्तगी़ज, स्पैनिश, स्वीडिश .. और जाने कितनी ही भाषाओं के रथ की सवारी करता दुनिया भर के सफर में है। चौदह पंक्तियों के इस छंद से त्रिलोचन का बहुत गहरा लगाव था और यह अकारण नहीं था। कारण उन्होंने मुझे पहली ही मुलाकात में बताया था, 'देखिए, यह छंद जल्दी सधता नहीं है, लेकिन जब सध जाता है तो बहता है और बहा ले जाता है। सबसे बड़ी बात यह है कि इसमें आप जो कहना चाहते है, वही कहते है और पढ़ने या सुनने वाला ठीक-ठीक वही समझता भी है।' मतलब यह कि दो अर्थो के चमत्कार पैदा करने के कायल अलंकारप्रेमी कवियों के लिए यह छंद मुफीद नहीं है। ठीक-ठीक वही अर्थ कोई कैसे ग्रहण करता है? इस सवाल पर शास्त्री जी का जवाब था, 'हिंदी में बहुत लोगों को भ्रम है कि शब्दों के पंक्चुएशन से अर्थ केवल अंग्रेजी में बदलता है। हिंदी में क्रिया-संज्ञा को इधर-उधर कर देने से कोई फर्क नहीं पड़ता है। वास्तव में ऐसा है नहीं। हिंदी में तो केवल बलाघात से, बोलने के टोन से ही वाक्यों के अर्थ बदल जाते है। फिर ऐसा कैसे हो सकता है कि यहां शब्दों के पंक्चुएशन से अर्थ न बदले?'

त्रिलोचन की कोशिश यह थी कि वह जो कहे वही समझा जाए। यही वजह है जो-

इधर त्रिलोचन सॉनेट के ही पथ पर दौड़ा

सॉनेट सॉनेट सॉनेट सॉनेट क्या कर डाला

यह उसने भी अजब तमाशा। मन की माला

गले डाल ली। इस सॉनेट का रस्ता चौड़ा

अधिक नहीं है, कसे कसाए भाव अनूठे

ऐसे आयें जैसे किला आगरा में जो

नग है, दिखलाता है पूरे ताजमहल को।

गेय रहे एकान्वित हो। ..

और इसे आप नॉर्सिसिज्म नहीं कह सकते है। वह इस विधा में अपने अवदान को लेकर किसी खुशफहमी में नहीं है। साफ कहते है-

उसने तो झूठे

ठाट-बाट बांधे है। चीज किराए की है।

फिर चीज है किसकी, यह जानने कहीं और नहीं जाना है।

अगली ही पंक्ति में वह अपने पूर्ववर्तियों को पूरे सम्मान के साथ याद करते है-

स्पेंसर, सिडनी, शेक्सपियर, मिल्टन की वाणी

वर्डस्वर्थ, कीट्स की अनवरत प्रिय कल्याणी

स्वरधारा है। उसने नई चीज क्या दी है!

ऐसा भी नहीं है कि वह आत्मश्लाघा से मुक्त है तो आत्मबोध से भी मुक्त हों। अपने रचनात्मक अवदान के प्रति भी वह पूरी तरह सजग है और यह बात वह पूरी विनम्रता से कहते भी हैं-

सॉनेट से मजाक भी उसने खूब किया है,

जहां तहां कुछ रंग व्यंग का छिड़क दिया है।


कविता की भाषा के साथ भी जो प्रयोग उन्होंने किया, वह बहुत सचेत ढंग से किया है। गद्य के व्याकरण में उन्होंने कविता लिखी, जिसमें लय उत्पन्न करना छंदमुक्त नई कविता लिखने वालों के लिए भी बहुत मुश्किल है। लेकिन त्रिलोचन छंद और व्याकरण के अनुशासन में भी लय का जो प्रवाह देते है, वह दुर्लभ है। शायद यह वही 'अर्थ की लय' है जिसके लिए अज्ञेय जी आह्वान किया करते थे।

यह अलग बात है कि आज हम उन्हे एक छंद सॉनेट के लिए याद कर रहे है, पर कविता उनके लिए छंद-अलंकार का चमत्कार पैदा करने वाली मशीन नहीं है। कविता उनके लिए लोगों तक अपनी बात पहुंचाने का माध्यम है। ठीक-ठीक वही बात जो वह सोचते है। वह अपने समय और समाज के प्रति पूरे सचेत है-

देख रहा हूं व्यक्ति, समाज, राष्ट्र की घातें

एक दूसरे पर कठोरता, थोथी बातें

संधि शांति की।..

वह यह भी जानते है जो संघर्ष वह कर रहे है वह उनकी पीढ़ी में पूरा होने वाला नहीं है। इसमें कई पीढि़यां खपेंगी, फिर उनके सपनों का समाज बन पाएगा। कहते है-

धर्म विनिर्मित अंधकार से लड़ते लड़ते

आगामी मनुष्य; तुम तक मेरे स्वर बढ़ते।

हंस के समान दिन उड़ कर चला गया

हंस के समान दिन उड़ कर चला गया

अभी उड़ कर चला गया

पृथ्वी आकाश

डूबे स्वर्ण की तरंगों में

गूंजे स्वर

ध्यान-हरण मन की उमंगों में

बंदी कर मन को वह खग चला गया

अभी उड़ कर चला गया

कोयल सी श्यामा सी

रात निविड़ मौन पास

आयी जैसे बँध कर

बिखर रहा शिशिर-श्वास

प्रिय संगी मन का वह खग चला गया

अभी उड़ कर चला गया


(यह श्रद्धांजलि याहू इंडिया से साभार । लेख इष्ट देव सांकृत्यायन ने लिखा है।)

Thursday, 20 December 2007

ईद उल जुहा पर गायों की न दें कुर्बानी: दारुल उलूम



हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए मशहूर इस्लामी संस्था दारुल उलूम ने देश के मुसलमानों से शुक्रवार को ईद उल जुहा के मौके पर गायों की कुर्बानी नहीं करने की अपील की है। कुर्बानी को खासतौर पर मद्देनजर रखते हुए देवबंद की इस इस्लामी संस्था ने एक किताब जारी किया है। इस किताब में देश के मुसलमानों से ईद उल जुहा पर हिंदुओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए गायों की कुर्बानी से बचने को कहा गया है। गौरतलब है कि दारुल उलूम देवबंद मुसलिम समुदाय की धार्मिक समस्याओं पर शरीयत के मद्देनजर फतवे जारी करती रही है और इनका खास असर माना जाता है। ( मुजफ्फरनगर-भाषा)

ईद की बधाई

नई दिल्ली- प्रधानमंत्री मनमोहनसिंह ने देशवासियों को ईद उल जुहा की बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने गुरुवार को यहाँ अपने बधाई संदेश में कहा कि यह त्यो हार हजरत इब्राहीम के सर्वोच्च बलिदान की भावना का स्मरण कराता है। उनका निस्वार्थ बलिदान साबित करता है कि मानवता के लिये ज्यादा अच्छा काम करना व्यक्तिगत स्वार्थ से ऊपर है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर मैं देशवासियों से अपील करता हूँ कि वे गरीबों, जरुरतमंदों और सुविधाओं से वंचित लोगों के उत्थान के लिए वचनबद्धता को पुन: सुनिश्चित करे। डॉ. सिंह ने आशा व्यक्त की कि ईद उल जुहा हमारे देश में सांप्रदायिक सौहार्द को और मजबूत करेगी तथा यह सभी के लिए खुशी और समृद्धि लाएगी।(भाषा)

सबसे प्यारी चीज रब की राह में खर्च करो

इस्लाम में मुख्यत: दो त्योहारों का जिक्र आता है। पहला है ईद-उल-फितर। इसे मीठी ईद और छोटी ईद भी कहा जाता है। यह त्योहार रमजान के 30 रोजे रखने के बाद मनाया जाता है। दूसरी है ईद-उल-जुहा। इसे ईद-उल-अजहा अथवा बकरा-ईद (बकरीद) और बड़ी ईद भी कहा जाता हैं। ईद-उल-जुहा हज के बाद मनाया जाने वाला त्योहार है। इस्लाम के 5 फर्ज होते हैं, हज उनमें से आखिरी फर्ज माना जाता है। हर मुसलमान के लिए अपनी सहूलियत के हिसाब से जिंदगी में एक बार हज करना जरूरी है। हज के संपूर्ण होने की खुशी में ईद-उल-जुहा का त्योहार मनाया जाता है। पर यह बलिदान का त्योहार भी है। इस्लाम में बलिदान का बहुत अधिक महत्व है। कहा गया है कि अपनी सबसे प्यारी चीज रब की राह में खर्च करो। रब की राह में खर्च करने का अर्थ नेकी और भलाई के कामों से लिया जाता है।

लगभग 4 हजार साल पहले हजरत इब्राहिम ने कुर्बानी का जो उदाहरण दुनिया के सामने रखा था, उसे आज भी परंपरागत रूप से याद किया जाता है। सिर्फ इस्लाम ही नहीं, बल्कि दुनिया में दूसरे धर्म के लोग भी हजरत इब्राहिम को पैगंबर के रूप में याद करते हैं, परन्तु जिस शिद्दत से इस्लाम ने उनके बलिदान को याद रखा है, वह अन्यथा देखने को नहीं मिलता। हजरत इब्राहिम किसी देश के राजा या शासक नहीं थे। वे एक छोटे से कबीले के सरदार थे। उनकी हैसियत ऐसी नहीं थी कि ज्यादा लोग उन्हें जानते, पर उन्होंने त्याग की भावना का जो उत्कृष्ट उदाहरण दुनिया के सामने रखा, उसकी मिसाल दुर्लभ है।

आकाशवाणी हुई कि अल्लाह की रजा के लिए अपनी सबसे प्यारी चीज कुर्बान करो, तो हजरत इब्राहिम ने सोचा कि मुझे तो अपनी औलाद ही सबसे प्रिय है। उन्होंने अपने बेटे को ही कुर्बान कर दिया। उनके इस जज्बे को सलाम करने का त्योहार है ईद-उल-जुहा। हजरत इब्राहिम की इस भावना में पूरे समाज का कल्याण और रब की रजा समाई है। कुर्बानी का मूल अर्थ है कि रक्षा के लिए सदा तत्पर। हजरत मोहम्मद साहब का फरमान है कि कोई व्यक्ति जिस परिवार, समाज, शहर या मुल्क में रहने वाला है, उस व्यक्ति का फर्ज है कि वह उस देश, समाज, परिवार की हिफाजत के लिए हर कुर्बानी देने को तैयार रहे।

वैसे तो इस्लाम में सभी कार्य रब की रजा के लिए किए जाते हैं, परंतु ईद-उल-जुहा के जरिए सामाजिक एकता और समाज कल्याण की कामना की जाती है और इससे समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य आसान हो जाता है। आम तौर पर यह माना जाता है कि बकरे या किसी हलाल जानवर की कुर्बानी देने से ईद-उल-जुहा के त्योहार की इतिश्री हो जाती है। ऐसी रवायत तो है, पर रवायत सिर्फ इतनी भर नहीं है।

इस्लाम में कुर्बानी का अर्थ है कि अपना वक्त, अपनी दौलत और यहां तक कि खुद की कुर्बानी भी रब की राह में देनी पड़े, तो हिचकिचाएं नहीं। रब की राह में खर्च करने का अर्थ नेकी और भलाई के कामों से है। समाज कल्याण इसका मुख्य सरोकार है, इसीलिए ईद-उल-फितर की तरह ईद-उल-जुहा में भी गरीबों और मजलूमों का खास खयाल रखा जाता है। इसी मकसद से ईद-दल-जुहा के सामान यानी कि कुर्बानी के सामान के तीन हिस्से किए जाते हैं। एक हिस्सा खुद के लिए रखा जाता है, बाकी दो हिस्से समाज में जरूरतमंदों में बांटने के लिए होते हैं, जिसे तुरंत तक्सीम कर (बांट) दिया जाता है।

ईद-उल-जुहा का एक मुख्य प्रयोजन हज का संपूर्ण होना भी है। जरूरी नहीं है कि सभी लोग हज का फर्ज पूरा कर पाते हों, परंतु मिलजुल कर हज की खुशी का मनाना समाज के संगठित होने का प्रमाण है। हज का फर्ज हर मुसलमान पूरा कर सकता है, परन्तु इसके कई नियम हैं। जैसे हज पर जाने वाला व्यक्ति किसी का कर्जदार न हो। नियम कहता है कि पहले अपना कर्ज उतारें, फिर हज पर जाएं। अपने पारिवारिक दायित्वों की अनदेखी करके भी हज पर जाना ठीक नहीं माना जाता है। तात्पर्य यह है कि इस्लाम व्यक्ति को अपने परिवार, अपने समाज के दायित्वों को पूरी तरह निभाने की हिदायत देता है।
( मुख्तार अहमद -नवभारत टाइम्स)।

Wednesday, 19 December 2007

क्या-क्या रोकेगी सरकार व न्यायपालिका ?

सिर्फ कानून बनाकर क्या-क्या रोकेगी सरकार व न्यायपालिका ? जब देश में सामान्य समझ और नैतिकता नाम की कोई चीज ही नहीं रह गई है तो कानून की भी वे कितनी परवाह करेंगे। कहीं पुलिस सरकारी गुंडे की शक्ल अख्तियार कर लेती है तो कहीं मंत्री कानून व संविधान से भी ऊपर खुद को समझता है। जैसे लोग समझना ही नहीं चाहते हैं कि उनके दायरे क्या हैं और जिस निरीह जनता के सामने आप बाघ बनते हैं उसके पास भी आपसे कम अधिकार नहीं हैं। हाजत में ले जाकर किसी को भी मार डालने के सियासी खेल के तमाम उदाहरण मौजूद हैं। और अगर यकीन नहीं तो किसी भी हिंदी समाचार चैनल पर क्राइम की दिखाई जा रही कहानियां रोज परोसी जाती हैं. खुद ही देख लीजिए। यह सब तो कुछ पुरानी बातें भी हो सकती हैं मगर ताजा दो मामले ऐसे हैं जो आपको जरूर सोचने पर मजबूर कर देंगे। आखिर इस देश के लोगों को हो क्या गया है?

पहला मामला

यह एक केंद्रीय मंत्री से जुड़ा मामला है जिससे यह अपेक्षी रहती है कि वह कम से कम ऐसे व्यवहार नहीं प्रदर्शित नहीं करेगा जिसकी एक नागरिक व मंत्री होने के नाते उनसे अपेक्षा नहीं ही की जा सकती। आज ही हिमांचल में दूसरे दौर के वोट डाले जा रहे थे। विदेश राज्यमंत्री आनंद शर्मा भी वोट डालने पहुंचे। वोट देने के लिे तय चुनाव आयोग का औपचारिकताओं के तहत जब उनसे मतदाता परिचय पत्र मांगा गया तो मंत्री महोदय का जवाब था कि- मजाक मत करो। तुम मुझे पहचानते नहीं ? चुनाव ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी ने आग्रह किया कि मंत्रीजी मैं आपको जानता हूं मगर यह औपचारिकताएं हैं जिंन्हे पूरी करनी होती है। खैर आनंद शर्मा ने अपने परिचय पत्र मंगवाए मगर उन्हें यह काफी नागवार भी लगा। तभी तो उन्होंने लगे हाथ चुनाव कर्मचारी को यह भी सुना दिया कि- तुम्हारा समय है, मजाक तो कर ही सकते हो। यह पूरा वाकया सहारा के समय समाचार चैनल ने कई बार दिखाया। एक समाचार एजंसी पीटीआई के अनुसार शायद मंत्रीजी की फोटो सूची में दर्ज फोटो से पहचान नहीं हो पारही थी। आनंद शर्मा ने कहा कि बाद में वे अपना फोटो परिचयपत्र दिखाकर वोट डाल पाए। फिर भी समय समाचार चैनल पर जो टिप्पणी उनकी सुनाई दी वह क्या किसी मंत्री स्तर के व्यक्ति को शोभा देती है। एक नागरिक होने के नाते मैं भी आनंद शर्मा जैसे शालीन राजनेता के ऐसे व्यवहार से हतप्रभ रह गया। दिमाग में सवाल भी उठे कि क्या ऐसे ही राजनेता से हम एक बेहतर भारत की उम्मीद रखते हैं। क्या नेताजी को नहीं मालूम था कि वोट देने के लिए मतदाता परिचय पत्र की जरूरत होती है या फिर चुनाव आयोग ने मंत्रियों को किसी भी तरह से वोट डालने की छूट दे रखी है? आखिर किस संविधानिक कर्तव्य व आदर्श का निर्वाह कर रहे थे मंत्रीजी। जबकि कैमरे आन हैं उस वक्त ऐसा करके आखिर संदेश देना चाहते थे मंत्रीजी। हो सकता है इस मामले पर अपनी कोई सफाई पेश कर दें मंत्री जी मगर ऐसा किया ही क्यों? संभव है उन्हें रोकने वाला चुनाव कर्मचारी कल को अपनी नौकरी से हाथ धो बैठे। उसे धृष्टता की बाकायदा सजा भी दे दी जाए। मगर तब ये मंत्रीजी अपने विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों से किस अनुशासन की उम्मीद रख सकते हैं। यह यक्ष प्रश्न इस लिए भी महत्वपूर्ण व विचारणीय है क्यों कि ये हमारे मंत्री हैं। यह अलग बात है कि आनंद शर्मा की जगह अगर अनंत सिंह होते तो शायद वह कर्मचारी नियम पूर्वक काम करने की सजा भी पा चुका होता। आनंद शर्मा तो सिर्फ शालीन दुर्व्यवहार करके ही रूक गए।

अब एक शिक्षक की शालीनता देखिए

भुसावल (महाराष्ट्र) स्थित सेंट्रल रेलवे स्कूल में छात्रों के शोर मचाने से खफा एक शिक्षक ने फिजिक्स लैब में 18 छात्रों को बिजली के झटके दिए। पुलिस ने शिक्षक को हिरासत में ले लिया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक शिक्षक सूर्यकांत द्विवेदी जब छठी कक्षा के छात्रों को पढ़ाने के लिए पहुंचे तो वे काफी शोरगुल मचाने लगे। शिक्षक के मना करने के बावजूद जब छात्रों का शोरगुल जारी रहा। नाराज होकर शिक्षक सभी छात्रों को फिजिक्स लैब में ले गए और अंदर का दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद एक-एक कर 18 छात्रों को बिजली का झटका दिया गया। बच्चों ने इस घटना की शिकायत अभिभावकों से की। इसके बाद मामला स्कूल प्रबंधन और पुलिस तक पहुंचा। स्कूल प्रबंधन ने शिक्षक को निलंबित कर दिया है वहीं पुलिस ने शिक्षक को हिरासत में ले लिया है। बिजली के झटके देने की इस घटना से छात्र काफी भयभीत हैं।
ये शख्स समाज के उस तबके से हैं जिन्हें गुरू का मान दिया जाता है। उम्मीद की जाती है कि इनके सानिध्य में रहकर बच्चे देश के कर्णधार बनेंगे। मगर कैसे जब इनमें ही इतना धैर्य नहीं कि बच्चों को किस हद तक सजा दी जानी चाहिए। पश्चिम बंगाल में तो छात्रों को मारने-पीटने पर ही सरकार ने रोक लगा रखी है। शायद महाराष्ट्र या देश के किसी भी हिस्से में बच्चों को ऐसे दंड देने का प्रावधान नहीं है। तो फिर कानून की परवाह क्यों नहीं है इनहें?
दो उदाहरण- एक राजनेता और दूसरा शिक्षक। दोनों ने न तो संविधान न ही अपनी नैतिक मर्यादा का पालन किया। जबकि कानून इन्हें ऐसा करने की इजाजत नहीं देता। तब सवाल यह उठता है कि क्या कानून पर्याप्त हथियार बन पाएगा इनको राह पर लाने के लिए या फिर कानून बनाने वालों को खुद इसके पालन की पहल करनी चाहिए।

Tuesday, 18 December 2007

जानलेवा है त्वचा रोग भी !

शिकागो- वैज्ञानिकों ने एक नए शोध से यह नतीजा निकाला है कि गंभीर त्वचा रोग सोरियासिस से पीड़ित युवा परिवार में अपने अन्य भाई बहनों के मुकाबले युवावस्था में ही मौत का शिकार हो सकता है।

रिपोर्ट में बताया गया है कि सामान्य लोगों के मुकाबले गंभीर त्वचा रोग से पीड़ित होने पर जीवन प्रत्याशा पाँच फीसदी कम हो जाती है। इससे पीड़ित व्यक्ति की जिंदगी के तीन से अधिक साल कम हो सकते हैं। महिलाओं की उम्र भी इस कारण चार साल तक कम हो सकती है।

शोधकर्ताओं ने अपनी रिपोर्ट में कहा है यह अध्ययन इस बात को रेखांकित करता है कि बीमारी की यह स्थिति कितनी गंभीर हो सकती है।

यूनिवर्सिटी ऑफ पेंसिलवेनिया के स्कूल ऑफ मेडिसिन में सहायक त्वचा रोग प्रोफेसर जोएल गेलफेंड ने कहा है यह त्वचा को विकृत करने से अधिक गंभीर स्थिति है। इससे रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर पड़ जाती है, जिसका पीड़ित व्यक्ति के स्वास्थ्य पर बेहद बुरा असर होता है। नतीजा यह होता है कि जीवन प्रत्याशा कम हो जाती है।

वे कहते हैं कि गंभीर स्थिति तक पहुँचने से बचने के लिए जरूरी है कि मरीज नियमित रूप से स्वास्थ्य जाँच कराएँ और स्वस्थ जीवन शैली अपनाएँ।

सोरियासिस एक सामान्य, लेकिन असाध्य त्वचा रोग है। शुरुआत में यह त्वचा पर लाल रंग के धब्बों के रूप में नजर आता है। ये धब्बे शरीर के किसी भी हिस्से में हो सकते हैं।

चिकित्सकों की राय में यह बीमारी आंशिक रूप से आनुवांशिक होती है जिसमें रोग प्रतिरोधक क्षमता में कुछ विकृति भी शामिल हो सकती है। इसका संबंध निराशा अधिक धूम्रपान शराब के सेवन तथा मोटापे ह्म्द्य संबंधी बीमारियों और कुछ प्रकार के कैंसर से होता है।

Monday, 17 December 2007

बनारस और बांसुरी वादक हरिप्रसाद चौरसिया



बनारस में रहकर गंगा में नहाएँ, जलेबी और मलाई खाएँ। उसके बिना मन नहीं लगता। 'कौनो भी देश में इ सब नहीं मिलेगा'। यह उद्गार हैं विश्व प्रसिद्ध बाँसुरी वादक पद्मविभूषण हरिप्रसाद चौरसिया के।
वाराणसी से लगे इलाहाबाद में 1938 में पैदा हुए चौरसिया ने एक विशेष साक्षात्कार में कहा कि बनारस की मिट्टी में जो सुगंध है, वह कहीं और नहीं है। यहाँ की मस्ती, यहाँ का अल्हङपन लोगों को बरबस ही अपनी ओर खींच लेता है।

यह पूछे जाने पर कि युवा वर्ग तो आधुनिक पश्चिमी संगीत की ओर खिंचा जा रहा है, ऐसे में भारतीय शास्त्रीय संगीत का समाज में आने वाले समय में क्या होगा, उन्होंने दृढ़ता से कहा कि पश्चिमी संगीत क्षणिक है और भारतीय शास्त्रीय संगीत शाश्वत है। यह ऐसा अंतर है जो कोई भी दूर नहीं कर सकता।

उन्होंने कहा कि बनारस की मिट्टी में बैठकर दाल-चावल और अचार भी खाएँ तो आनंद मिलता है। विदेशों की आधुनिकता में कुछ नहीं रखा है। विदेशों में बहुत घूमकर हमने सब देखा है। जो आनंद भारत में है वह विदेशों में कहीं भी नहीं मिलता।

बाँसुरी वादन को संगीत जगत में अहम स्थान दिलाने वाले चौरसिया ने कहा कि भारतीय संगीत के भविष्य को लेकर चिंतित होने की कोई बात नहीं है, क्योंकि यह बहुत उज्ज्वल है। और तो और विदेशों में भी लोग भारतीय संगीत की पूजा करते हैं।

उन्होंने कहा जब तक सूर्य में रोशनी रहेगी, भारतीय संगीत चमकता रहेगा। बाँसुरी सम्राट एक ही बात को लेकर बहुत उदास दिखे और वह है लोगों में बढ. रहा भौतिकवाद। उन्होंने कहा कि अब तो लोग रुपए के पीछे पागलों की तरह भागमभाग में लगे हैं। यह बहुत ही खतरनाक प्रवृत्ति है। रुपए के लिए लोग कुछ भी करने को तैयार हैं।

चौरसिया मैहर घराने के संगीतकार हैं, जिसके संस्थापक उस्ताद अलाउद्दीन खान हैं। वे मध्यप्रदेश में मैहर के राजा के दरबार में सरोद वादक थे।

एक सवाल के जवाब में चौरसिया ने बताया कि हमने बाँसुरी इसलिए अपनाई क्योंकि यह निर्विवाद तौर पर भारतीय वाद्य है, जिसका प्रयोग भगवान श्रीकृष्ण ने प्रारंभ किया था।

उन्होंने कहा कि यही कारण है कि हमारी बाँसुरी को लोगों का इतना प्यार और सम्मान मिला है जितना शायद ही किसी भी क्षेत्र में किसी अन्य को मिला होगा। उन्होंने बताया कि बाँसुरी में उनकी गुरु माँ अन्नपूर्णा देवी थीं।

पहलवान पिता के बेटे हरिप्रसाद को बचपन में छिपछिपकर बाँसुरी बजाना सीखना पङा। पिता चाहते थे कि बेटा एक मँझा हुआ पहलवान बने, लेकिन बेटे को तो कुछ और ही बनना था सो एक तो वह कुश्ती मन से नहीं लड़ते थे और दूसरे पूरा ध्यान चोरी-छिपे बाँसुरी सीखने पर लगाते थे।

जीवन के सत्तर बसंत देख चुके चौरसिया यह मानते हैं कि कुश्ती लङने में वे पिता की इच्छा के अनुरूप बेशक पारंगत नहीं हो सके हों, लेकिन उसका मुख्य लाभ यह हुआ कि उनमें गजब का माद्दा पैदा हो गया, जिससे उन्हें बाँसुरी जैसा वाद्य बजाने में कभी कोई तकलीफ नहीं हुई।

आज भी वह राग मास विहार, शंकरा अथवा छोटी बाँसुरी से पहाङी बजाते हैं तो माहौल इस प्रकार मदमस्त हो जाता है कि लोग सुध-बुध खो बैठते हैं।

उन्होंने इस बात पर दु:ख जताया कि अब कलाकारों का सम्मान आम लोगों और सरकार पर नहीं बल्कि कॉरपोरेट जगत पर निर्भर हो गया है। जब कॉरपोरेट हाउस वाले किसी को आमंत्रित करते हैं तो कलाकारों की पूछ होती है अन्यथा नहीं। स्थिति यहाँ तक हो गई है कि कॉरपोरेट न हो तो कलाकारों के कार्यक्रम आयोजित ही नहीं हों।

मीडिया की चर्चा करते हुए चौरसिया ने इस बात पर दु:ख व्यक्त किया कि आज के अखबारों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में हत्या, बलात्कार और राजनीति की खबरें अटी पङी होती हैं जो समाज के लिए ठीक नहीं है।

लेकिन उन्होंने कहा कि समय बहुत शीघ्र समय बदलने वाला है और लोग अध्यात्म की ओर वापस आने वाले हैं।

उन्होंने कहा कि वे स्वयं जब स्टेज पर कार्यक्रम करने बैठते हैं तो यही सोचकर बैठते हैं कि वे यहाँ प्रार्थना कर रहे हैं न कि कोई व्यापार।

उन्होंने बताया कि वे संगीत के नए छात्रों के लिए मुंबई के जुहू में 'वृंदावन' नामक एक नि:शुल्क गुरुकुल चलाते हैं, जहाँ उनसे उनके शिष्य बाँसुरी की कला की बारीकियां सीखते हैं। (भाषा)

LinkWithin

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...