Friday, 7 January 2011

चुनाव या खूनी जंग


मई २०११ में पश्चिम बंगाल विधानसभा के चुनाव होने हैं। चुनाव के लिहाज से पश्चिम बंगाल की फिजा अलग ही होती है। ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस की वाममोर्चा को सत्ता से बेदखल की मुहिम ने माहौल को और गरमा दिया है। १९७७ से लगातार तीन दशक से अधिक समय से पश्चिम बंगाल की सत्ता पर काबिज कम्युनिष्ट सरकार की नींव पिछले पंचायत , लोकसभा और कोलकाता नगर निगम व नगरपालिका चुनावों में हिल चुकी है। अब विधानसभा चुनावों पर भारत समेत पूरी दुनिया की नजर है। कौतूहल भरी इस दिलचस्प लड़ाई का बिगुल बज चुका है। मैं भी अपने ब्लाग के माध्यम से आपको इस जंग से रूबरू कराना चाहता हूं। निरपेक्ष भाव से इस महाभारत की कथा सुनाऊंगा। रखिए मेरे ब्लाग के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव-२०११ धारावाहिक की हर कड़ी पर नजर। पढ़िए दूसरी कड़ी।
ब्लाग नियंत्रक - डा.मान्धाता सिंह
 धारावाहिक : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव-२०११ ( भाग-2 )

चुनाव या खूनी जंग


पश्चिम बंगाल में चुनावी संघर्ष की शुरुआत हो चुकी है। आशंका जताई जा रही है कि इस बार का पश्चिम बंगाल चुनाव खून खराबे का हर रिकार्ड तोड़ देगा। लालगढ़ में हर्मद वाहिनी के मुद्दे पर जो वाकयुद्ध ममता बनर्जी और बुद्धदेव भट्टाचार्य में चल रहा है वह अब खून कराबे की शक्ल अख्तियार करने लगा है। ममता ने आरोप लगाया है कि जो यूथवाहिनी लालगढ़ में तैनात की गई है दरअसल में वह हथियारबंद माकपा कैडर हैं। ऐसे लोगों को ममता हर्मदवाहिनी कहती हैं। माकपा ने इस शब्द पर कड़ा प्रतिवाद किया है। इसी आशय की मुख्यमंत्री बुद्धदेव को लिखी गई चिट्ठी ने तो पश्चिम बंगाल की राजनीति में भूचाल खड़ा कर दिया है। अब उसके आगे ममता के लोग लालगढ़ में हर्मदवाहिनी के सबूत पुख्ता कर रहे हैं और साबित करने में तुले हैं कि खूनखराबा यही हर्मदवाहिनी के लोग करके इलाका दखल कर रहे हैं। इलाका दखल की इसी लड़ाई ने सिंगुर, नंदीग्राम की जंग को अंजाम दिया था। छोटा अंगुरियाकांड भी शायद आप नहीं भूले होंगे जिसमें एक घर में सभा कर रहे तृणमूल के लोगों को घर समेत विस्फोट करके उड़ा दिया गया था और आरोप माकपा पर लगा था।

ठीक वैसी ही घटना आज लालगढ़ में घटी। एक घर में जुटे माकपा कार्यकर्ताओं को जब लोगों ने घेरा तो भीतर बैठे माकपा के लोगों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी जिसमें  पांच लोग मारे गए और २० लोग जख्मी होगए हैं। पांच और की हालत नाजुक है। इस घटना के बाद से पश्चिम बंगाल में बंद की अफवाह फैली हुई है। लोग बदले की कार्रवाई में और खूनखराबा होने की आशंका से सहमें हुए हैं। जब कि अभी चुनाव में चार महीने बाकी हैं। बहरहाल भाषा समाचार एजंसी की वह खबर पढ़िए जिसने फिर लालागढ़ समेत बंगाल में भय का माहौल पैदा कर दिया है।

अंधाधुंध फायरिंग में मारे गए

पश्चिम मिदनापुर के लालगढ़ क्षेत्र में एक महिला समेत पांच लोग तब मारे गए, जब गांववालों ने माकपा कार्यकर्ताओं के द्वारा एक घर का इस्तेमाल होने के संदेह में उसका घेराव किया, इसी दौरान घर के भीतर से गोली बरसाई गई। इस घटना में 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए।

जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने प्रेट्र को बताया कि पांच लोगों की मौत हो गई और 20 से ज्यादा लोग तब घायल हो गए, जब लालगढ़ पुलिस थाना क्षेत्र के बेलाटिकरी ग्राम पंचायत के नेताई गांव में एक घर के अंदर से गोलीबारी होने लगी। उन्होंने कहा मृतकों में एक महिला भी शामिल है। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया जहां पांच की हालत नाजुक बनी हुई है।

मृतकों की शिनाख्त फूलकुमारी , सौरभ घोराई, श्यामनंदा घोरोई, कबलू पात्र और धिरेन सेन के तौर पर की गई है। यह पूछे जाने पर कि उस घर को माकपा के सशस्त्र कैंप की तरह इस्तेमाल किया जा रहा था, उन्होंने कहा, ‘‘हमलोग इसकी जांच कर रहे हैं।’’ इस संबंध में जब लालगढ़ माकपा के नेता चांदी किरण से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा, ‘‘मैं अभी एक निजी दौरे पर पश्चिम मेदिनीपुर में हूं, इसलिए अभी कुछ नहीं कह सकता।’’ ( कोलकाता, ७ जनवरी - भाषा )

Sunday, 2 January 2011

धारावाहिक : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव-२०११ (भाग-१)

मई २०११ में पश्चिम बंगाल विधानसभा के चुनाव होने हैं। चुनाव के लिहाज से पश्चिम बंगाल की फिजा अलग ही होती है। ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस की वाममोर्चा को सत्ता से बेदखल की मुहिम ने माहौल को और गरमा दिया है। १९७७ से लगातार तीन दशक से अधिक समय से पश्चिम बंगाल की सत्ता पर काबिज कम्युनिष्ट सरकार की नींव पिछले पंचायत , लोकसभा और कोलकाता नगर निगम व नगरपालिका चुनावों में हिल चुकी है। अब विधानसभा चुनावों पर भारत समेत पूरी दुनिया की नजर है। कौतूहल भरी इस दिलचस्प लड़ाई का बिगुल बज चुका है। मैं भी अपने ब्लाग के माध्यम से आपको इस जंग से रूबरू कराना चाहता हूं। निरपेक्ष भाव से इस महाभारत की कथा सुनाऊंगा। रखिए मेरे ब्लाग के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव-२०११ धारावाहिक की हर कड़ी पर नजर। पढ़िए पहली कड़ी।
ब्लाग नियंत्रक - डा.मान्धाता सिंह

बुद्धदेव की जनसभाओं का पीछा करती फिर रही हैं ममता
कहती हैं- माकपा के झूठ का पर्दाफाश करना जरूरी
   पश्चिम बंगाल में जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहा है। वैसे-वैसे राजनीतिक सरगर्मी भी बढ़ती जा रही है। यही कारण है कि अब से ही दोनों दलों की ओर से जोरदार जनसभा का आयोजन किया जा रहा है। वहीं ममता बनर्जी ठीक मुख्यमंत्री बुद्धदेव बनर्जी के पीछे-पीछे चल रही है। जहां मुख्यमंत्री सभा कर जाते है कुछ दिनों के अंतराल पर ही वहां तृणमूल कांग्रेस की ओर से सभा का आयोजन किया जाता है एवं मुख्य वक्ता के रूप में ममता बनर्जी होती है। राज्य में पिछले दो माह से ऐसी स्थिति देखने को मिल रही है। चाहे वह व‌र्द्धमान जिला हो या पूर्व मेदिनीपुर या पश्चिम मेदिनीपुर सभी जगह एक ही हाल देखने को मिलता है। माकपा ने जोरदार प्रचार शुरू कर दिया है। माकपा ने प्रचार में मुख्यमंत्री को उतार दिया है। उनका जवाब देने के लिए उसी स्थान पर तृणमूल कांग्रेस की ओर से सभाओं का आयोजन होता है। लालगढ़ में दो माह पहले मुख्यमंत्री की सभा से ऐसी स्थिति शुरू हुई है। लालगढ़ में मुख्यमंत्री द्वारा सभा करने के कुछ दिन बाद ही रेलमंत्री ममता बनर्जी ने सभा की। उसके बाद कोलकाता व राज्य के दूसरे हिस्से में भी ऐसी स्थिति बनी हुई है।

हाल की दो तीन सभाओं में तृणमूल व माकपा के बयानबाजी की बानगी देखिए।

कांग्रेस व तृणमूल पर जमकर बरसे बुद्धदेव

२७ दिसंबर को दमदम सेन्ट्रल जेल मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री बुद्धदेव भंट्टाचार्य ने कांग्रेस और तृणमूल पर जमकर बरसे। उन्होंने फिर कहा कि दिल्ली में तृणमूल का कांग्रेस के साथ जोट है लेकिन बंगाल में माओवादियों के साथ जोट है। पहले गुपचुप तरिके से तृणमूल नेता माओवादियों के साथ बैठक करते थे, अब खुलेआम बैठक कर रहे हैं। पूरे राज्य को तृणमूल कांग्रेस अशांत करने की कोशिश में है। ऐसा खूनखराबा कभी नहीं होता था जैसा पिछले एक वर्ष से हो रहा है। वीरभूम, बर्दवान, हुगली समेत विभिन्न जिलों में हमले हो रहे हैं। राइटर्स पर कब्जा करने की बात हो रही है। महंगाई पर एक शब्द भी नहीं बोल रहे हैं। इतना ही नहीं माल भाड़े में भी बढ़ोत्तरी कर दी गयी है जिसका सीधा असर महंगाई पर पड़ेगा और आवश्यक सामानों की कीमत और बढ़ेंगे। कांग्रेस महंगाई बढ़ाने व घोटाले की सरकार साबित हो रही है लेकिन उनके सहयोगी दल तृणमूल कांग्रेस इस पर एक शब्द भी कहने को तैयार नहीं है।

मुख्यमंत्री ने एक बार फिर कहा कि बंगाल कृषि, शिक्षा में काफी आगे बढ़ चुका है और उद्योग भी बढ़ेंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि गलती हुयी है तो लोगों के पास सिर नीचे कर जाएं और उनसे माफी मांगे। उन्होंने कहा कि आराजकता बर्दाश्त नहीं किया जायेगा और न ही पार्टी में किसी अपराधी को पनाह मिलेगा। गृहमंत्री चिदंबरम ने तृणमूल को खुश करने के लिए पत्र भेजा है। उसका जबाव हम देंगे और अच्छे से देंगे। उन्होंने कहा कि पत्र के माध्यम से हमलोग गृहमंत्री से पूछेंगे तृणमूल व कांग्रेस जोट का समर्थन कर रहे हैं कि तृणमूल व माओवादी गठजोड़ को समर्थन कर रहे हैं।

आवासन मंत्री गौतम देव ने कहा कि हमलोगों से गलती हुयी है जिसे सुधारने की प्रक्रिया शुरू हो गयी है। बहुत जल्द ही हमलोग सुदृढ़ और सुव्यवस्थित होंगे। पूर्व सांसद मोहम्मद सलीम ने भी लोगों से वाममोर्चा को मजबूत करने की अपील की। मंच पर मंत्री रेखा गोस्वामी, दमदम के पूर्व सांसद अमिताभ नंदी समेत कई माकपा नेता उपस्थित थे।

माकपा के आतंक का मुकाबला करूंगी : ममता

माकपा की सभा के बाद ठीक तीसरे दिन ३० दिसंबर दमदम के उसी सेंट्रल जेल मैदान पर तृणमूल सुप्रीमो व रेल मंत्री ममता बनर्जी भी पहुंच गईं। ममता ने कहा है कि सत्ता में बने रहने के लिए माकपा किसी भी हद तक जा सकती है लेकिन तृणमूल कांग्रेस इसका राजनीतिक स्तर पर मुकाबला करेगी। मुख्यमंत्री जहां-तहां झूठ बोल कर लोगों को भ्रमित कर रहे हैं। वह जहां भी सभा कर झूठ बोलेंगे तृणमूल कांग्रेस वहीं सभा कर उसका जवाब देगी।

सुश्री बनर्जी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने सोनारपुर में सरकारी कर्मचारियों की सभा में आज भी झूठ बोला है। सरकारी कर्मचारी सिर्फ उन्हीं के नहीं है। तृणमूल के साथ भी सरकारी कर्मचारी है। सुश्री बनर्जी ने रविवार को सोनारपुर में सरकारी कर्मचारियों को लेकर सभा करने की घोषणा की और कहा कि जहां-जहां मुख्यमंत्री सभा करेंगे वह भी वहां सभा कर उसका जवाब दूंगी। ममता ने कहा कि वाममोर्चा सरकार ने 34 साल में राज्य को पतन के गर्त में ढकेल दिया है। सरकार पर 2 लाख करोड़ रुपया का कर्ज है। राज्य में हर बच्चा 25 हजार रुपया का कर्ज लेकर पैदा हो रहा है और मुख्यमंत्री सरकार की उपलब्धियां गिनाते चल रहे हैं।

माकपा राजनीतिक तोड़फोड़ में भी लिप्त है। ट्रेनों में गड़बड़ी फैला रही है। राज्य में सरकार प्रायोजित आतंक चल रहा है। कानून व्यवस्था संभाल नहीं पा रहे हैं तो मुख्यमंत्री को कुर्सी छोड़ देना चाहिए। चुनाव कराने से मुख्यमंत्री क्यों डर रहे हैं? तृणमूल कांग्रेस ऐसी स्थिति में भी राष्ट्रपति शासन में चुनाव कराने की मांग नहीं कर माकपा पर दया कर रही है। तृणमूल को लोकतांत्रिक लड़ाई में विश्वास है। सुश्री बनर्जी ने कहा कि अगला चुनाव बंगाल की जनता की प्रतिष्ठा की लड़ाई है। बंगाल की जनता को वह माकपा के आतंक से मुक्त करायेंगी।

चंद दिनों की मेहमान है वामो सरकार : ममता

ममता ने यह भाषण २४ दिसंबर को धर्मतल्ला की विशाल सभा में दिया था। देखिए उनके तेवर। तृणमूल सुप्रीमो और रेलमंत्री ममता बनर्जी का राज्य में सत्ता परिवर्तन का जो सपना 2001 में पूरा नहीं हो सका था उसके 2011 के विधानसभा चुनाव में पूरा होने की उन्हें उम्मीद है। नेत्री ने आज धर्मतल्ला में इस साल की अपनी दूसरी विशाल जनसभा में राज्य की बुद्धदेव भंट्टाचार्य वाली वामो सरकार को चंद दिनों का मेहमान बताया और कहा कि राज्य की जनता माकपा की विदाई चाहती है। पार्टी के नेता प्रचारित कर रहे है कि आमरा घूरे दाड़ाबो। अगले साल होने वाले चुनाव में वापसी होगी लेकिन वह अपने को झूठी सांत्वना दे रहे है। ऐसा होने वाला नहीं। राज्य की जनता चाहती है बुद्धदेव सरकार खत्म हो,सिर्फ चुनाव का इंतजार है। राज्य के शिक्षा प्रतिष्ठानों में बढ़ती हिंसा के विरोध में धर्मतल्ला के मेट्रोचैनेल पर आयोजित इस जनसभा में ममता ने कहा कि मेरे घेराव की धमकी दी जा रही है। बुद्धदेव नहीं जानते कि मैं भी एक इशारा कर दूं तो वे घर से निकल नहीं पायेंगे। सभा मंच से कांग्रेस को भी खुली चुनौती मिली और उसे बिहार जैसे परिणाम पर आगाह किया गया। तृणमूल सुप्रीमो ने कहा कि राज्य में 35 सालों में परिवर्तन इस लिये नहीं हो सका क्योंकि तृणमूल का जन्म नहीं हुआ था। 2001 के विधानसभा चुनाव में तृणमूल को सत्ता परिवर्तन में सफलता मिल सकती थी लेकिन एनडीए ने माकपा का साथ दिया। नेत्री ने कहा कि 2001 में जो हासिल नहीं हुआ था वह 2011 में हासिल होगा। तृणमूल हिंसा में यकीन नहीं करती क्योंकि वह आम आदमी की पार्टी है। जनविरोधी गतिविधियों में संलिप्तता की बात सामने आने पर पार्टी अपने किसी सदस्य को नहीं बख्शेगी। पिछले 35 साल में राज्य में 55 हजार राजनीतिक हत्यायें हुई हैं। सभा में ममता ने मारे गये लोगों की विस्तारित सूची वाले कागजात भी लोगों के सामने पेश किये।

Saturday, 1 January 2011

अखबार कर्मचारियों को नए साल का तोहफा :- वेतन में 65 फीसद बढ़ोतरी की सिफारिश

श्रम सचिव को रिपोर्ट सौंपते मजीठिया। फोटो-साभार जनसत्ता।

 आप सभी को नववर्ष २०११ की शुभकामनाएं।


   पत्रकारों और गैर पत्रकारों के लिए बने मजीठिया वेज बोर्ड ने अखबारों और समाचार एजंसियों के कर्मचारियों के लिए 65 फीसद तक वेतन वृद्धि की सिफारिश की है। मूल वेतन का 40 फीसद तक आवास भत्ता और 20 फीसद तक परिवहन भत्ता देने का सुझाव दिया है।

न्यायमूर्ति जीआर मजीठिया के नेतृत्व में बने वेतन बोर्ड ने शुक्रवार को यह भी सिफारिश की कि नए वेतनमान जनवरी 2008 से लागू किये जाएं। बोर्ड ने पहले ही मूल वेतन का 30 फीसद अंतरिम राहत राशि के रूप में देने का एलान किया था। मजीठिया ने शुक्रवार को श्रम सचिव पीके चतुर्वेदी को रपट सौंपी। चतुर्वेदी ने आश्वासन दिया कि सरकार इस रपट की समीक्षा करने के बाद इसे जल्द से जल्द लागू कराने का प्रयास करेगी।

बोर्ड ने 35 फीसद वैरिएबल पे देने की सिफारिश की है। समाचार पत्र उद्योग के इतिहास में किसी वेतन बोर्ड ने इस तरह की सिफारिश पहली बार की है। मजीठिया वेतन बोर्ड ने पत्रकारों और अन्य अखबारी कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ा कर 65 साल करने, महंगाई भत्ते के मूल वेतन में सौ फीसद न्यूट्रलाइजेशन और विवादों के निपटारे के लिए स्थायी न्यायाधिकरण बनाने की सिफारिश की है।

न्यायमूर्ति मजीठिया ने कहा कि इस बार की रपट में सबसे निचले गे्रड के लिए भी अच्छे वेतन की सिफारिश की गई है। उन्होंने कहा कि नए फार्मूले के अनुसार पत्रकार और गैर पत्रकार कर्मचारियों का मूल वेतन उसके वर्तमान मूल वेतन और महंगाई भत्ते में 30 फीसद अंतरिम राहत राशि और 35 फीसद वैरियेबल पे को जोड़ कर तय किया गया है। महंगाई भत्ता मूल वेतन में सौ फीसद न्यूट्रलाइजेशन के साथ जुडेÞगा। ऐसा अब तक केवल सरकारी कर्मचारियों के मामले में होता आया है। वेतन बोर्ड ने 60 करोड़ रुपए या इससे अधिक सकल राजस्व वाली समाचार एजंसियों को शीर्ष श्रेणी वाले समाचार पत्रों के साथ रखा है। इस तरह समाचार एजंसी पीटीआई शीर्ष श्रेणी में जबकि यूएनआई दूसरी श्रेणी में रखी गई है।

मजीठिया बोर्ड की सिफारिशों के अनुसार आवास भत्ता एक्स श्रेणी के शहरों के लिए मूल वेतन का 40 फीसद होगा, जो दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बंगलूर, हैदराबाद, चंडीगढ, अमदाबाद, कानपुर, लखनऊ और नागपुर पर लागू होगा। वाई श्रेणी के शहरों के लिए यह मूल वेतन का 30 फीसद होगा। वाई श्रेणी के शहरों में आगरा, अजमेर, अलीगढ, इलाहाबाद, अमृतसर, बरेली, बीकानेर, भोपाल, भुवनेश्वर, कोयंबटूर, दुर्गापुर, गुवाहाटी, ग्वालियर, इंदौर, जबलपुर, जयपुर, जलंधर, जमशेदपुर, कोच्चि, कोटा, मदुरै, मेरठ, पटना, पुणे, रायपुर, राजकोट, रांची, श्रीनगर, सूरत, तिरूवनंतपुरम, वडोदरा, वाराणसी, विशाखात्तनम, मंगलौर, पुडुचेरी, धनबाद, देहरादून, जम्मू और जामनगर आदि शामिल हैं। बाकी शहरों को जेड श्रेणी में रखा गया है, जहां के कर्मचारियों को मूल वेतन का 20 फीसद आवास भत्ता मिलेगा।

वेतन बोर्ड ने वार्षिक वेतन बढ़ोतरी की दर पहली से चौथी श्रेणी के लिए छह फीसद, पांचवीं और छठी के लिए पांच फीसद, सात से नौ के लिए चार, दस से 11 के लिए तीन फीसद तय की है। मजीठिया बोर्ड ने जनवरी, 2008 में अंतरिम राहत घोषित की थी और इसी तारीख से कर्मचारियों को एरियर मिलेगा। इसके अलावा बोर्ड ने एक्स श्रेणी के शहरों के लिए 20 फीसद परिवहन भत्ता, वाई श्रेणी के लिए 10 फीसद और जेड श्रेणी के लिए पांच फीसद परिवहन भत्ता देने की सिफारिश की है।

बोर्ड ने रात्रि भत्ते में भारी बढ़ोतरी करते हुए इसे पहली और दूसरी श्रेणी के लिए सौ रुपए, तीसरी और चौथी के लिए 75 रुपए और पांचवी से 11वीं श्रेणी के लिए 50 रुपए तय कर दिया है। इसके अलावा एक हजार रुपए मासिक कठिनाई भत्ता निर्धारित किया है। एलटीए दो साल में एक बार मिलेगा और मूल वेतन के बराबर होगा।

बोर्ड ने मेडिकल भत्ते में बढ़ोतरी करते हुए इसे पहली और दूसरी श्रेणी के लिए एक हजार रुपए मासिक, तीसरी और चौथी श्रेणी के लिए पांच सौ रुपए मासिक किया है। जिन लोगों पर ईएसआई लागू है, वे ये भत्ता नहीं हासिल कर सकेंगे। बोर्ड ने एरियर का भुगतान तीन समान किस्तों में करने की सिफारिश की है।

इस बीच कनफेडरेशन आफ न्यूजपेपर एंड न्यूज एजंसी इम्प्लाइज आर्गेनाइजेशंस के महासचिव एमएस यादव ने कहा कि वेतन बोर्ड अध्यक्ष ने श्रमजीवी पत्रकार एवं अन्य कर्मचारी कानून में प्रदत्त अधिकारों से वंचित रखते हुए बोर्ड सदस्यों को कई महत्त्वपूर्ण मसलों पर वोटिंग नहीं करने दिया लेकिन इस बात की खुशी है कि कई महत्त्वपूर्ण मांगों पर बोर्ड ने सकारात्मक फैसला किया है और दीर्घकाल में कर्मचारियों को फायदा होगा। सेवानिवृत्ति आयु बढ़ाना, वैरियेबल पे और परिवहन भत्ता इनमें से एक है।

कनफेडरेशन में शामिल इंडियन जर्नलिस्ट्स

यूनियन के अध्यक्ष सुरेश अखौरी, नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्ट्स (आई) के वरिष्ठ नेता डा नंद किशोर त्रिखा, आल इंडिया न्यूजपेपर इम्प्लाइज फेडरेशन के महासचिव मदन तलवार, फेडरेशन आफ पीटीआई इम्प्लाइज यूनियंस के अध्यक्ष जान सी गोंजाल्विस, यूएनआई वर्कर्स यूनियन के नेता एमएल जोशी ने भी प्रतिक्रिया दी। (नई दिल्ली, 31 दिसंबर (भाषा)।)

Wednesday, 22 December 2010

महज तीस सेकेंड में खोज लीजिए नौकरी !

  यदि आप सूचना प्रौद्योगिकी से जुड़े हुए हैं और आप एमसीए, बीसीए, बीटेक, एमएससी आईटी, बीएससी आईटी, आदि कर चुके हैं और ये सोच रहे हैं कि कौन सी कंपनी आपके लिए ठीक रहेगी, तो हम आपके सवालों का हल बताएंगे। कौन सी कंपनी में आप फिट हो सकते है, यह आप मात्र 30 सेकेंड में जान सकते हैं- कॉर्प-कॉर्प डॉट कॉम ( http://www.corp-corp.com/ ) के माध्‍यम से।

वर्जीनिया की कंपनी कॉर्प-कॉर्प डॉट कॉम पिछले तीन वर्षों से जॉब मैचिंग के क्षेत्र में सफलतापूर्वक कार्यरत है। इम्‍प्‍लॉयर या फिर अभ्‍यर्थी, किसी को भी सही व्‍यक्ति या सही नौकरी ढूंढ़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी। यदि इम्‍प्‍लॉयर किसी अभ्‍यर्थी की तलाश में है, तो वो अपनी जरूरत के मुताबिक वेबसाइट पर पोस्‍ट कर दें। कॉर्प-कॉर्प डॉट कॉम पूरे शोध और समीक्षा के बाद अभ्‍यर्थियों के नाम शॉर्टलिस्‍ट कर देगी। साथ ही पूरी तरह मैच करने वाले टॉप-10 अभ्‍यर्थी छांट कर आपके सामने रख देगी। वो भी मात्र 30 सेकेंड में।

  इससे नौकरी देने वाली कंपनियों और नौकरी चाहने वाले लोगों की राहें आसान हो जाती हैं। कॉर्प-कॉर्प के सीईओ प्रभाकरण मुरुगईया ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा, "हम रोजाना कंपनियों और अभ्‍यर्थियों का नौकरी ढूढ़ने में व्‍यय होने वाला तीस प्रतिशत समय बचाते हैं।"

मुरुगइया के मुताबिक, "यदि कंपनी तक सही व्‍यक्ति पहुंचे और न्‍यूनतम संख्‍या में हों तो समय की बचत होती है साथ में उनके वर्कफोर्स की प्रोडक्टिविटी बढ़ती है। जब क्‍लाइंट की सभी जरूरतें पूरी हो जाती हैं तो वो नौकरी ढूंढने में बचा समय कंपनी की नींव मजबूत करने में लगा देता है।"

मुरुगइया ने एक उदाहरण देते हुए बताया कि एक कंपनी जिसमें 50 कर्मी हैं, वो अपनी प्रोडक्टिविटी यानी उत्‍पादकता 10 प्रतिशत तक बढ़ा सकते हैं। इसके परिणामस्‍वरूप कंपनी को करीब 5 लाख डॉलर सालाना की आय होती है। कॉर्प-कॉर्प डॉट कॉम अमेरिका में अब तक 20 आईटी परामर्श सम्‍मेलन आयोजित करा चुका है, जिससे छोटी कंपनियां लाभान्वित हुई हैं।

   आज कॉर्प-कॉर्प डॉट कॉम के साथ 6000 कंपनियां पंजीकृत हैं और वेबसाइट के माध्‍यम से 30,000 नई कॉन्‍ट्रैक्‍ट जॉब हर महीने मिलती हैं। हाल ही में हुई आर्थिक मंदी के दौरान भी कंपनी ने अपनी ग्रोथ को बनाए रखा था। मुरुगइया अपनी कंपनी की सफलता का श्रेय तकनीकी और अनुभवी कर्मचारियों को देते हैं और ग्राहक के अनुसार संगठन के क्रियाकलापों को। कॉप-कॉर्प डॉट कॉम आने वाले वर्षों में वैश्विक स्‍तर पर कार्य करने की योजना में है। ( साभार- वनइंडिया http://thatshindi.oneindia.in/news/2010/12/22/corp-corp-match-the-job-candidate-in-30-seconds.html)

Wednesday, 24 November 2010

मोबाइल से मैसेज ट्विट करिए

  अब मोबाइल से भी मैसेज ( एसएमएस व एमएमएस ) ट्विटर पर पोस्ट करिए और मैसेज प्राप्त करिए। यह सेवा रिलायंस मोबाइल ने अपने भारतीय ग्राहकों को मुफ्त में उपलब्ध कराई है। इसके लिए जीपीआरएस सुविधा का मोबाइल में होना आवश्यक नहीं है। बिना जीपीआरएस के रिलायंस मोबाइल नेटवर्क का प्रयोग करके ट्विटर का इस्तेमाल करिए। फिलहाल यह मुफ्त सेवा ३० नवंबर २०१० तक ही उपलब्ध है। इस सेवा के इस्तेमाल का तरीका रिलायंस कम्युनिकेशन वेबपेज पर बताया गया है कि कैसे आप अपनी मोबाइल को इस सेवा से जोड़ सकते हैं।

अगर आपके पास पहले से ट्विटर अकाउंट है तो इन चरणों को पूरा करिए-----

१- अपनी मोबाइल के मैसेज बाक्स में "START" लिखकर उसे 53000 पर भेज दीजिए। इसके बाद ट्विटर आपसे आपका यूजरनेम पूछेगा।


२- जवाब में जो मैसेज आपको मिलेगा उस पर अब आप अपना यूजरनेम लिखकर रिप्लाई करिए। अब ट्विटर आपसे पासवर्ड पूछेगा।


३- आप १५ शब्दों से कम का पासवर्ड लिखकर रिप्लाई करिए।


४- इसके बाद आपको जो संदेश मिलेगा उसे OK लिखकर रिप्लाई कर दीजिए।


अब आप रिलायंस मोबाइल से मैसेज ट्विट कर सकते हैं।



अगर आपने ट्विटर में पहले से खाता नहीं खोला है तो रिलायंस मोबाइल से ट्विट करने के लिए इन चरणों को पूरा कीजिए------------।

१- START लिखकर ५३००० पर मैसेज भेजिए। जवाब में आपको signup मैसेज मिलेगा।


२- अब SIGNUP लिखकर ५३००० पर भेजिए। अब ट्विटर मैसेज देकर आपसे यूजरनेम पूछेगा।


३- अब १५ शब्दों से कम का यूजरनेम लिखकर रिप्लाई करिए।


४- जब आपको यूजरनेम का कन्फर्मेशन मैसेज मिल जाए तो अपना पासवर्ड चुन लीजिए।


अब आप एसएमएस के जरिए ट्विटिंग कर सकते हैं।

   आप कंप्यूटर पर ट्विटर लागिन करके अपने समर्थकों के प्रोफाइल में मोबाइल आइकन पर क्लिक करके उसे एनेबल भी कर दीजिए। इससे उनके मैसेज आपको मोबाइल पर मिल पाएंगे।

LinkWithin

Related Posts Plugin for WordPress, Blogger...