दुःस्वप्न सी लगती है वह यात्रा
१६ साल पहले गंगासागर से जुड़ी एक घटना तो मुझे जीवनभर याद रहेगी। इस घटना से शायद आपको भी अंदाजा हो जाएगा कि तमाम व्यवस्था के बावजूद तबतक तो बहुत कष्टसाध्य थी गंगासागर की यात्रा। १३ जनवरी १९९४ की रात में आमतीर्थयात्रियों की तरह कोलकाता के दमदम कैंट इलाके से गंगासागर जाने वाली एक बस से हम सात लोग रवाना हुए। मैं, मेरी मां, मेरे मित्र अनिल त्रिवेदी व उनकी मां, मेरे मित्र अभय सिंह उनकी मां व पत्नी सभी बेहद उत्साहित से इस यात्रा की शुरुआत से। मगर यात्रा के मध्य से ही कष्ट के संकेत मिलने लगे थे। रात दो बजे बस जब हारवुड़ प्वाइंट की तरफ बढ़ रही थी तभी हमारी बस को पुलिसवालों के निर्देश पर नामखाना की तरफ मोड़ दिया गया। आपको बता दें कि हारवुड प्वाइंट ही वह जगह है जहां से गंगासागर जाना सुरक्षित और आसान है। इसी हारवुड प्वाइंट से ही सागरद्वीप के लिए पुल बनाए जाने की बात कही जा रही है। ममता बनर्जी ने तो इस पुल के बनवाने का वायदा भी किया है। नामखाना से गंगासागर का रास्ता खतरनाक माना जाता है। लांच जब नामखाना से सागरद्वीप की ओर बढ़ता है तो घंटों दूर-दूर तक सिर्फ अथाह सागर दिखता है। हिंदमहासागर के पास से गुजरते हुए रोमाच के साथ भय भी लगता है।
बहरहाल हमारी बस नामखाना तो पहुंच नहीं सकी। लापरवाही से ज्यादा तीर्थयात्रियों को इस तरफ भेज देने से बस ने हमें काफी हगले उतार दिया। तब सुबह के चार बजे थे। तीन बूढ़ी माताओं के साथ हम भी लांच पकड़ने के लिए कतारबद्ध हो गए। सोचे थे कि घंटे भर में लाच मिल जाएगी। मगर हमारा अंदाजा गलत निकला। शौच, दातून, नाश्ता की तो सोच भी नहीं सकते थे। खड़े-खड़े बुरी तरह से थक गए। हमारा धैर्य भी जवाब दे गया था। लांच तक पहुंचने तक ११ बज गए। नजदीक हुंचे तो देखा कि जमीन से करीब पंद्रह फुट उंची सीढ़ी पर चढ़कर लांच पर जाना होगा। बहरहाल मैं सबसे पीछे रहकर अपने मित्रों अनिलजी व अभयजी के साथ अपनी व उनकी माताओं को लांच पर चढ़ने में मदद की। सभी ऊपर चढ़ चुके थे अब सिर्फ मैं बाकी था और मेरे पीछे भारी भीड़ धक्का-मुक्की कर रही थी। जल्दी से सीढ़ियां चढ़ रहा था। जब आखिरी सिरे पर था तभी पार फिसल गया और मैं नीचे गिरने ही वाला थी तभी मुझे पकड़ने के लिए उपर खड़े अभय सिंह ने मेरा दाहिना हाथ पकड़ लिया। दो मिनट के लिए मेरे हाथ पैर सुन्न हो गए। बहरहाल अभयजी व दूसरे लोगों ने मुझे खींचकर लांच पर चढ़ा लिया। मैं इतना डर गया था कि करीब डेढ़ घंटे तक मारे डर के कांपता रहा। सीढ़ी से गिरने का वह दृश्य आज भी जब मेरे आंखों के सामने आता है तो मेरी रुह कांप जाती है। दरअसल नामखाना में लांच पर चढ़ने के लिए जेटी ही नहीं थी। ज्वार खत्म होने के बाद लांच पर चढ़ना सामान्य लोगों के लिए बेहद खतरनाक हो जाता है। समुद्र में जब ज्वार होता है तो पानी १०-१५ मीटर ऊंचा होकर करार तक चला जाता है। उस समय तो आप लांच पर आसानी से चढ़ सकते हैं मगर भाटा होने पर लांच तट से काफी दूर ही रह जाता है जहां से लांच पर चढ़ने के लिए सीढ़ी लगानी पड़ती है। अब ऐसी अव्यवस्था वाली जगह पर प्रशासन ने भारी तादाद में तीर्थयात्रियों को भेज दिया था। इसके ठीक विपरीत हारवुड प्वाइंट पर बहुत जेटी बनीं हैं जहां से लांच पर जाना आसान होता हैं। इसके अलावा हारवुड प्वाइंट में नौसेना के तटरक्षक होते हैं। इस लिए भी भय की कोई बात नहीं होती। नामखाना आज भी सागरद्वीप के लिए कष्टसाध्य रास्ता है।
एक और घटना आज भी मेरे मन में सिहरन पैदा करती रहती है। दरअसल जिस लांच से हम सागरद्वीप पहुंचे थे, वह मां अभया लांच थी। यहीं लांच रात को लौटते वक्त दुर्घनाग्रस्त हो गया। नामखाना के रास्ते पर सागर में चलने वाले इस रूट पर रात में लांच चलाने के कोई माकूल इंतजाम नहीं थे। फिर तो दुर्घटना होनी ही थी। रात में सागरद्वीप से तीर्थयात्रियों को लेकर वहीं मां अभया लांच लौट रही थी। अंधेरा और सिगनल का सही इंतजाम नहीं होने के कारण सागरद्वीप की ओर जारही एक दूसरी लांच ने मां अभया लांच को टक्कर मार दी। मां अभया के दो टुकड़े हो गए। इस भयानक हादसे में मां अभया पर सवार ज्यादातर तीर्थयात्रियों की मौत हो गई। इस इलाके में निगरानी का कोई इंतजाम नहीं होने किसी को बचाना संभव नहीं था। यह हादसा अगर हारवुड प्वाइंट पर होता तो नौसेना के तटरक्षक ज्यादातर को बचा लेते। अव्वल तो यह है कि हारवुड इलाके में हादसा होता ही नहीं। सवाल यह उठता है कि जहां सुरक्षा के इतजाम नहीं वहां से इतनी भारी तादाद में तीर्थयात्रियों को प्रशासन भेजता ही क्यों है ?
हमें जब इस घटना की सूचना सुबह सागरद्वीप में मिली तो हमें भी काठ मार गया। अगर हमारे साथ ऐसा होता हम क्या करते ? शाम को हम भी लौटने की योजना बना रहे थे। मगर बसवालों की वजह से सुबह जाना तय किया था। अगर रात में लौटते तो हम भी उसी मां अभया में होते जिसकी सागर में जलसमाधि बन गई। हम बच गए मगर सागरद्वीप की वह यात्रा एक दुःस्वप्न की तरह लगती है।